Headlines
Loading...
Varanasi Weather Today: वाराणसी में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा...

Varanasi Weather Today: वाराणसी में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा...

वाराणसी। दोपहर में चल रही हवा की गति भले पूर्व से कुछ कम हुई है लेकिन तापलहर का प्रवाह जारी है। आसमान से मानो आग बरसती रही और 16 किमी प्रति घंटा के वेग से चली पछुआ ने पूरे वातावरण को हीट चैंबर बना दिया। बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान बीते 24 घंटों में 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ा और सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस ऊपर 44.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इससे शुक्रवार इस सत्र में अब तक का सर्वाधिक गर्म दिन बन गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रयागराज के बाद बनारस प्रदेश में दूसरा और देश में पांचवां सबसे गर्म शहर रहा। माैसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बनारस में उष्ण लहर का यह क्रम अभी सोमवार तक बना रह सकता है।

तापलहर के दिन घटने की बजाय बढ़ते ही जा रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पहले शनिवार, फिर रविवार और अब सोमवार तक इसके जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म हवाओं के साथ आतंरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से आगामी 2-3 दिनों के दौरान तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी के साथ प्रदेश में 27 अप्रैल तक उष्ण लहर (लू) की स्थितियां बनी रह सकती हैं।

इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से छिटपुट वर्षा का दौर आरंभ होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढेगा। इससे तापमान में 2-4° सेल्सियस की गिरावट आ सकती है और 27 अप्रैल से लू की स्थिति में सुधार आ सकता है।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार यानी 27 दिसंबर की दोपहर बाद या शाम से इस तरफ पुरवा हवा का थोड़ा प्रभाव बंगाल की खाड़ी की ओर से पहुंच सकता है। इससे थोड़ी नमी बढ़ेगी, चिलचिलाती शुष्क धूप में उमस का प्रभाव बढ़ेगा, गरज-चमक के साथ बादल भी आ सकते हैं।

शुक्रवार को देश के सर्वाधिक गर्म शहर

प्रयागराज - 45.2° से.
अकोला - 45° से.
अमरावती व झारसुगुडा - 44.8° से.
वर्धा - 44.4° से.
वाराणसी - 44.3° से. ।।