बस 10 मिनट में आया...तेज धूूप में हाईवे किनारे पांच घंटे तक इंतजार करती रही पत्नी; शराब पीने में मस्त रहा पति, रिश्तेदारों के पहुंचने पर...
मुरसान (हाथरस)। मथुरा-बरेली हाईवे पर मंगलवार को एक महिला अपने शराबी पति का पांच घंटे तक इंतजार करती रही। पति 10 मिनट में आने की बात कहकर मुरसान की तरफ गया था, लेकिन इगलास रोड स्थित शराब के ठेके पर शराब पीने लगा।
भीषण गर्मी में सड़क किनारे बैठी पत्नी का सब्र टूटा तो मायके वालों को बुलाया। ठेके पर पति को शराब पीते देख हंगामा हुआ। समझाने पर महिला रिश्तेदारों के साथ पति को लेकर कासगंज रवाना हुई।
मथुरा निवासी महिला ने बताया कि वह पति के साथ बाइक से कासगंज में भतीजे की रिंग सेरेमनी में शामिल होने जा रही थी।
सुबह करीब 10 बजे मुरसान के नगला गोपी के पास पहुंचने पर पति ने किसी से मिलने की बात कहकर बाइक रोक दी और मुरसान की तरफ चला गया। महिला हाईवे किनारे बैठकर पति का इंतजार करने लगी। दोपहर तीन बजे तक पति नहीं लौटा।
फोन करने पर भी उसने काॅल नहीं उठाया। परेशान होकर महिला ने मायके वालों को सूचना दी। स्वजन मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पति मुरसान के इगलास रोड स्थित शराब ठेके के पास नशे में मिला।
पत्नी को देखकर भी वह टालमटोल करता रहा। इस पर हाईवे पर ही दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई। राहगीरों की भीड़ लग गई। स्वजन और स्थानीय लोगों के समझाने पर मामला शांत हुआ।
इसके बाद महिला अपने रिश्तेदारों के साथ पति को लेकर कासगंज के लिए रवाना हो गई। उर्मिला ने बताया कि पति शराब का आदी है और अक्सर ऐसे ही छोड़कर चला जाता है।