Headlines
Loading...
इंस्टाग्राम चैटिंग के द्वारा 14 साल के किशोर को दिल दे बैठी चार बच्चों की मां, अब साथ रहने की जिदपर अड़ी, थाने पहुंचा मामला फिर...

इंस्टाग्राम चैटिंग के द्वारा 14 साल के किशोर को दिल दे बैठी चार बच्चों की मां, अब साथ रहने की जिदपर अड़ी, थाने पहुंचा मामला फिर...

यूपी के महाराजगंज में एक अजीब मामला नौतनवा पुलिस के सामने आया है। यहां चार बच्चों की मां 14 साल के किशोर को दिल दे बैठी। उससे शादी का भी दावा करते हुए किशोर के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई है। किशोर और उसके परिजनों ने इनकार किया तो महिला थाने पहुंच गई और किशोर पर बेवफाई का आरोप लगा रही है। 

महिला की उम्र 40 साल है। उसका सबसे बड़ा बेटा ही 19 साल का हो चुका है। इसके बाद भी वह 14 साल के किशोर को अपना पति बताते हुए उसी के साथ रहना चाहती है। महिला की जिद और बातें सुनकर पुलिस भी हैरान व परेशान है। पुलिस ने किशोर के परिजनों को संपर्क कर महिला से बात कराई। कई घंटे चली बातचीत के बाद किसी तरह मामला आपसी समझौते के बाद समाप्त हुआ। इसके बाद महिला अपने घर रवाना हुई है।

इंस्टाग्राम पर किशोर से हुई दोस्ती

गोरखपुर की रहने वाली 40 वर्षीय महिला इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट करती थी। उसकी रील को अक्सर 14 वर्षीय एक किशोर लाइक और शेयर करता था। अपनी रील को लाइक व शेयर करने वाले किशोर से उसकी चैटिंग होने लगी। धीरे-धीरे दोनों ने एक दूसरे का नंबर लिया और बातचीत भी होने लगी। बातचीत के दौरान ही वह किशोर के बेहद नजदीक आ गई। मामला इतना बढ़ गया कि महिला को 14 साल के किशोर से प्यार हो गया। उसे यह भी नहीं ख्याल रहा कि उसके चार बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा तो किशोर से भी पांच साल बड़ा 19 साल का है। इसके बाद भी वह किशोर से मिलने के लिए तड़पने लगी।

जिस दौरान दोनों की बातचीत शुरू हुई किशोर अपने पिता के साथ चेन्नई में रह रहा था। महिला के अनुसार फरवरी में किशोर चेन्नई से गोरखपुर आया। इसी दौरान महिला की किशोर से मुलाकातें हुईं। महिला के अनुसार इन्हीं मुलाकातों के दौरान ही किशोर ने उससे शादी भी कर ली। इसके बाद किशोर अपने घर चला गया और महिला से बातचीत कम करने लगा। इससे महिला परेशान रहने लगी। किशोर ने उसका फोन उठाना तो बंद किया ही, इंस्टग्राम की रील पर लाइक और शेयर करना भी बंद कर दिया।

किशोर पर बेवफाई का आरोप

किशोर के व्यवहार से आहत होकर महिला थाने पहुंच गई। किशोर पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए अपनी पूरी कहानी सुनाई तो पुलिस वाले भी हैरान रह गए। पुलिस वालों ने पहले महिला को समझाने की कोशिश की। लोकलाज और समाज का वास्ता देकर इस मामले को खत्म करने की बात कही। लेकिन महिला किशोर के साथ ही रहने और उसे बुलाने की मांग पर अड़ गई। थाने में घंटों महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। थक हारकर पुलिस ने किशोर का नंबर लिया और उसके परिजनों से बात की।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि महिला जिस किशोर पर आरोप लगा रही थी उसे और उसकी मां को बुलाया गया था। बातचीत के बाद दोनों ने आपसी समझौता कर लिया और अपने-अपने घर चले गए। दोनों ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से फिलहाल संपर्क नहीं करने की बात कही है।