वाराणसी दालमंडी चौड़ीकरण प्रक्रिया में आज अवैध घोषित 14 भवन विरोध के बीच किए गए ध्वस्त...
वाराणसी, ब्यूरो। वाराणसी जिले के दालमंडी में वीडीए ने दूसरी बार रविवार को अभियान चलाया। इस दौरान अवैध घोषित 14 भवन तोड़े गए। कुछ भवनस्वामियों ने विरोध किया और अधिकारियों से उनकी नोकझोंक भी हुई लेकिन ध्वस्तीकरण अभियान जारी रहा।
दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण
दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण के लिए अब तक 120 से ज्यादा भवन तोड़े जा चुके हैं। इनमें रजिस्ट्री कराए गए, नगर निगम से जर्जर घोषित और वीडीए के अवैध घोषित भवन शामिल हैं। वीडीए इससे पहले भी अभियान चलाकर दो भवनों को ध्वस्त कर चुका है। रविवार को वीडीए ने दूसरी बार अभियान चलाया। वहीं, रजिस्ट्री कराए गए 15 से ज्यादा भवनों का शेष हिस्सा भी ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्तीकरण अभियान में 100 से ज्यादा श्रमिकों को लगाया गया था।
अभियान में अधिकारियों की मौजूदगी
अभियान में एडीएम सिटी राजेश कुमार, वीडीए के सचिव डॉ. वेदप्रकाश मिश्र, एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी, जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश, पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता केके सिंह, सहायक अभियंता अनुराग तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सिविल पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात थे। पूरे अभियान की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और पब्लिक अड्रेस सिस्टम से लगातार मुनादी कराई गई।
छह मस्जिदों के लिए बातचीत जारी
दालमंडी परियोजना के दायरे में 184 भवन आ रहे हैं। इनमें 83 की रजिस्ट्री हो चुकी है। इनके भवनस्वामियों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। लगभग 221 करोड़ से 650 मीटर लम्बी सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसके अलावा दालमंडी परियोजना की जद में आने वाली 6 मस्जिदों को लेकर जिला प्रशासन और मस्जिद प्रबंधन समितियों के बीच लगातार बातचीत चल रही है। जल्द सकारात्मक समाधान निकलने की उम्मीद है।