Headlines
Loading...
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 22 रुपये हुआ सस्ता, बढ़ती महंगाई के बीच जनता को सरकार ने दी बड़ी राहत...

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 22 रुपये हुआ सस्ता, बढ़ती महंगाई के बीच जनता को सरकार ने दी बड़ी राहत...

Pakistan Petrol-Diesel Price Cut: पाकिस्तान सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में 22-22 रुपये प्रति लीटर की कटौती करने का ऐलान किया है।नई कीमतें शुक्रवार रात से लागू कर दी गई हैं। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आई गिरावट (Fuel Prices Pakistan) का फायदा सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है। इससे पहले पिछले सप्ताह भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 6 से 7 रुपये प्रति लीटर तक की कमी की गई थी।

उस कटौती के बाद हाई-स्पीड डीजल की कीमत लगभग 402.78 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत करीब 403.78 रुपये प्रति लीटर हो गई थी। अब नई कटौती के बाद डीजल की कीमत करीब 380 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत लगभग 381 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच गई है। कीमतों में कटौती की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में दी गई। बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जनता से राहत देने का वादा किया था और अब उसे पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को राहत पहुंचाना उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

कीमत कम होने से मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग को मिलेगा लाभ

डॉन के अनुसार सरकार ने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से सार्वजनिक परिवहन, माल ढुलाई और मोटरसाइकिल तथा रिक्शा चलाने वाले लोगों को ईंधन सब्सिडी देने की कोशिश की जा रही है। पेट्रोल का सबसे ज्यादा इस्तेमाल निजी वाहनों, बाइक, रिक्शा और छोटे वाहनों में होता है। इसलिए इसकी कीमत कम होने से मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

पाकिस्तान सरकार हर सप्ताह शुक्रवार रात को नई कीमतें कर रही जारी

वहीं हाई-स्पीड डीजल का इस्तेमाल बड़े वाहनों, ट्रकों और जनरेटरों में ज्यादा होता है। डीजल सस्ता होने से माल ढुलाई की लागत कम हो सकती है, जिसका असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। पाकिस्तान सरकार हर सप्ताह शुक्रवार रात को पेट्रोलियम उत्पादों की नई कीमतें जारी कर रही है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर इन कीमतों में बदलाव किया जाता है।