Headlines
Loading...
रियान पराग डगआउट में आखिर वैभव सूर्यवंशी को क्या समझा रहे थे? शतक से चूकने के बाद वैभव सूर्यवंशी यूं झुंझलाए नजर आए...

रियान पराग डगआउट में आखिर वैभव सूर्यवंशी को क्या समझा रहे थे? शतक से चूकने के बाद वैभव सूर्यवंशी यूं झुंझलाए नजर आए...

खेल ब्यूरो। आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी शतक लगाने से चूक गए। महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 47 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 96 रन की पारी खेली। इससे पहले एलिमिनेटर में वह 97 रन बनाकर आउट हुए थे।

रियान पराग और वैभव सूर्यवंशी का वीडियो वायरल

वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो उनके आउट होने के ठीक बाद का है। वैभव डगआउट में जाकर बैठते हैं तभी उनके पास राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग आ जाते हैं। ऐसा लग रहा था कि रियान इस बात से नाराज हैं कि वैभव एक बार फिर शतक चूक गए। वैभव पहले उनकी बात सुनते हैं और फिर ऊपर की तरफ देखकर आंख बंद कर लेते हैं।

रियान ने मैच के बाद वैभव की जमकर तारीफ की

मैच के बाद रियान पराग ने सूर्यवंशी के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि वैभव किस तरह से खेला है । वह ताबड़तोड़ रन बना रहा था लेकिन मैच हालात को भांपकर खेल रहा था । उसने बेहतरीन खेला और समझ में नहीं आता कि हर बार वह ऐसा कैसे कर लेता है। उम्मीद है कि वह देश के लिये भी इसी तरह से खेलता रहेगा और जीत में योगदान देगा । हमारे लिये भी खेलता रहेगा और हमें दूसरा आईपीएल खिताब दिलायेगा।'

776 रनों के साथ वैभव का सफर समाप्त

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का सफर 776 रनों के साथ समाप्त हुआ। 16 पारियों में उन्होंने 48 की औसत और 237 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए। इस दौरान वैभव के बल्ले से 72 छक्के और 63 चौके निकले। वह इस सीजन 700 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने भी 700 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। गिल के 722 और सुदर्शन के 710 रन हैं। दोनों के पास फाइनल में ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाने का मौका होगा।