वाराणसी में 26 मई को 56 परिवार करेंगे मां गंगा को 56 भोग अर्पित, चढ़ाई जाएंगी अनेक राज्यों से आई 5100 साड़ियां, विलक्षण होगा दृश्य...
वाराणसी। ब्रह्मराष्ट्र एकम् विश्व महासंघ न्यास, काशी एवं श्रीकुल पीठ के संयुक्त तत्वावधान में 26 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर असि घाट पर भव्य गंगा पूजन का आयोजन किया जाएगा।इसमें श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का संगम दिखेगा।
आयोजन में 56 परिवारों द्वारा मां गंगा को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे, साथ ही देश के 12 राज्यों से आई 5100 साड़ियों से मां गंगा को विशेष आर-पार की चुनरी अर्पित की जाएगी और 501 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा।
यह जानकारी श्रीकुल पीठाधीश्वर डा. सचींद्रनाथ महाराज ने दी। उन्होंने कहा कि गंगा नदी नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और सनातन चेतना की जीवनधारा हैं। गंगा दशहरा का यह पावन पर्व मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण का प्रतीक है, इसलिए इस दिन गंगा स्नान, सेवा, आरती और दान का विशेष महत्व माना गया है।
बताया कि कार्यक्रम प्रातः सात बजे से नौ बजे तक चुनरी मनोरथ, सायं चार बजे से रात्रि 12 बजे तक 56 भोग अर्पण, सायं 6:30 बजे भव्य गंगा आरती, तथा सायं पांच बजे से रात्रि 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इसमें विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालु, कलाकार एवं सनातन धर्म प्रेमी सहभागी होंगे। उन्होने समस्त काशीवासियों एवं देशभर के श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर मां गंगा की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करें।