शहर में बढ़ते अपराध, खासकर वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए 28 थानों की एकसाथ चेकिंग, बिना नंबर प्लेट कई वाहन सीज
वाराणसी, ब्यूरो। शहर में बढ़ते अपराध, खासकर वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार से ऑपरेशन चक्रव्यूह शुरू कर दिया है. इस विशेष अभियान के तहत शहर के सभी 28 थानों की पुलिस फोर्स एक साथ , एक ही समय पर सघन चेकिंग करेगी अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर या संदिग्ध वाहनों को मौके पर ही सीज किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान पूरी तरह समन्वित और अचानक इस
तरीके से चलाया जा रहा है, ताकि अपराधियों को किसी प्रकार की भनक न लग सके।
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग कर हर वाहन की जांच की जाएगी. हाल के महीनों में वाहन चोरी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी को देखते हुए इस अभियान की रणनीति तैयार की गई है। पुलिस का मानना है कि बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर वाले वाहन अक्सर अपराध में इस्तेमाल होते हैं। ऐसे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करने से अपराध की कड़ी तोड़ने में मदद मिलेगी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम वाहन के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंसऔर पहचान पत्र की जांच कर रही है. संदिग्ध स्थिति में वाहन चालकों से पूछताछ के साथ जरूरत पड़ने पर वाहनों को थाने ले जाकर विस्तृत सत्यापन भी कराया जाएगा। ऑपरेशन चक्रव्यूह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कमिश्नरेट के सभी 28 थाने एक साथ सक्रिय हैं। तय समय पर सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चेकिंग शुरू की गई, जिससे पूरे शहर में एक साथ दबाव बनाया जा सके।
इस अभियान की निगरानी डीसीपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं, जबकि एसीपी और थाना प्रभारी खुद सड़क पर उतरकर कार्रवाई की अगुवाई करेंगे. पुलिस ने शहर के उन इलाकों को
प्राथमिकता में रखा है, जहां अपराध की घटनाएं अधिक होती हैं. इनमें लंका, सिगरा, कैंट, भेलूपुर, मंडुवाडीह, चौक, मैदागिन और रेलवे स्टेशन क्षेत्र शामिल हैं. इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ देर रात तक चेकिंग जारी रखने की योजना है. साथ ही, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है.
अभियान के दौरान पुलिस केवल कागजी जांच तक सीमित नहीं है. संदिग्ध वाहनों के नंबर को तुरंत डिजिटल सिस्टम में चेक कर उनकी हिस्ट्री खंगाली जा रही है. चोरी के वाहनों का डेटा भी टीमों के पास उपलब्ध है, जिससे मौके पर ही मिलान कर कार्रवाई संभव हो रही है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने साफ किया है कि बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर, बिना वैध दस्तावेज या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। ऐसे वाहनों को सीज करने के साथ ही चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।