वाह रे जुगाड़...48 डिग्री में चलाया ऐसा दिमाग, VIDEO देख लोग बोले- 'बांदा का ये है असली इंजीनियर'...
Desi Jugaad Bike Video: उत्तर प्रदेश का बांदा इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर में सड़क पर निकलना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रह गया। तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं।लेकिन इसी तपती गर्मी के बीच बांदा के एक युवक ने ऐसा देसी जुगाड़ निकाला कि अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवक ने अपनी बाइक को ही चलता-फिरता "ग्रीन शेड" बना दिया। बाइक के ऊपर बांस का ढांचा तैयार कर उस पर हरी टहनियां और पत्तियां बांध दी गईं, ताकि सफर के दौरान सिर पर सीधे धूप न पड़े। सड़क पर जब यह अनोखी बाइक नजर आई तो लोग देखते ही रह गए।
बाइक पर बना डाला 'नेचुरल AC'
भीषण गर्मी से बचने के लिए युवक ने जो तरीका अपनाया, उसने लोगों को हैरान कर दिया। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि बाइक के ऊपर बांस की मदद से छत जैसी संरचना बनाई गई है। इस पर पेड़-पौधों की हरी डालियां लगाई गई हैं, जिससे चलते वक्त प्राकृतिक छांव मिलती रहे। युवक ने चेहरे को गमछे से ढका हुआ है ताकि गर्म हवा और लू से बचाव हो सके। उसका कहना है कि तेज धूप में बाइक चलाना मुश्किल हो गया था, इसलिए उसने यह देसी उपाय अपनाया। इससे सफर के दौरान काफी राहत मिल रही है।
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स करने शुरू कर दिए। किसी ने इसे "बुंदेलखंड का टैलेंट" बताया तो किसी ने लिखा, "पेट्रोल बाइक पर नेचुरल AC फिट कर दिया।" एक यूजर ने कमेंट किया, "गर्मी आदमी से साइंटिस्ट वाला काम करवा देती है।" वहीं दूसरे ने लिखा, "ये है असली देसी इंजीनियरिंग।" लोग इस जुगाड़ को सिर्फ मजेदार नहीं, बल्कि जरूरत से निकला आइडिया भी बता रहे हैं।
गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बांदा और आसपास के इलाकों में दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली हो जाती हैं। मजदूरी और रोजमर्रा के काम के लिए निकलने वाले लोग गर्मी से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव शरीर पर गंभीर असर डाल सकती है। ऐसे मौसम में डिहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ते हैं।
प्रशासन ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और सिर को ढककर ही बाहर निकलें। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है। बांदा के इस युवक का देसी जुगाड़ अब सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है। भीषण गर्मी के बीच निकला यह आइडिया लोगों को हैरान भी कर रहा है और मुस्कुराने की वजह भी दे रहा है।