Headlines
Loading...
500 CCTV फुटेज DNA टेस्ट और अर्चिता नहीं तुर्कमेनिस्तान की 'मुहब्बत' का था जला शव, कैसे सुलझी हत्या की पहेली, डिटेल में जानिए...

500 CCTV फुटेज DNA टेस्ट और अर्चिता नहीं तुर्कमेनिस्तान की 'मुहब्बत' का था जला शव, कैसे सुलझी हत्या की पहेली, डिटेल में जानिए...

Meerut Crime News: मेरठ के मवाना क्षेत्र में मिले एक जले हुए महिला के शव की गुत्थी आखिरकार चार महीने बाद सुलझ गई। जिस महिला को अब तक दिल्ली निवासी अर्चिता अरोड़ा माना जा रहा था, वह दरअसल तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली 40 वर्षीय मुहब्बत सुनातोव्ना निकली। DNA जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने महिला की पहचान की पुष्टि की। अब पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मृतका की अस्थियां उसकी मां को सौंपने की तैयारी कर रही है।

21 फरवरी को मिला था जला हुआ शव

जानकारी के मुताबिक, 21 फरवरी 2026 को मेरठ के मवाना इलाके में एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल था। घटनास्थल से मिले एक आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने शुरुआती जांच में मृतका को दिल्ली की अर्चिता अरोड़ा मान लिया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला की हत्या रिठानी स्थित एक होटल में की गई थी। इसके बाद शव को कार में रखकर मवाना के सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या वाली रात होटल में शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने महिला का कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने शव के चेहरे और हाथों को जला दिया और फिर उसे दूर फेंक दिया।

कॉल डिटेल्स से मिला बड़ा सुराग

मामले में नया मोड़ तब आया, जब पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगालीं। जांच में चंडीगढ़ निवासी एलीना नाम की महिला का नंबर सामने आया। पूछताछ के दौरान एलीना ने बताया कि आधार कार्ड पर लगी तस्वीर मुहब्बत की है, लेकिन उसका नाम अर्चिता अरोड़ा नहीं है।

इसके बाद दिल्ली में रह रही एक विदेशी महिला अजीजा ने वीडियो कॉल के जरिए मुहब्बत की मां नाजमुदिनोवा गुलनारा को शव की तस्वीरें दिखाईं। मां ने बेटी के ईयररिंग्स और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान कर ली और पुलिस से अस्थियां सौंपने की मांग की।

DNA रिपोर्ट ने की पहचान की पुष्टि

पहचान को लेकर कानूनी पुष्टि न होने के कारण पुलिस ने तत्काल अस्थियां नहीं सौंपीं। बाद में मृतका की मां की मांग पर DNA जांच कराई गई। इसके लिए मुहब्बत की मां के रक्त के नमूने लेकर शव के अवशेषों से मिलान कराया गया। जांच रिपोर्ट में DNA मैच होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि हत्या की शिकार महिला तुर्कमेनिस्तान की नागरिक मुहब्बत सुनातोव्ना ही थी।

पुलिस ने खंगाले 500 CCTV फुटेज

इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए मेरठ पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। एक संदिग्ध कार के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल कार, कंबल और तेजाब की खाली बोतल भी बरामद की गई।

SP देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि DNA रिपोर्ट से मृतका की पहचान की पुष्टि हो चुकी है। अब तुर्कमेनिस्तान में रह रही उसकी मां से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद मुहब्बत की अस्थियां परिवार को सौंप दी जाएंगी।