Headlines
Loading...
अमेरिका-ईरान के बीच 60 दिन का सीजफायर बढ़ेगा? होर्मुज पर भी सहमति ! कथित डील का फाइनल आउटपुट क्या निकला? जानें...

अमेरिका-ईरान के बीच 60 दिन का सीजफायर बढ़ेगा? होर्मुज पर भी सहमति ! कथित डील का फाइनल आउटपुट क्या निकला? जानें...

US-Iran Ceasefire Agreement Key Terms: मिडिल ईस्ट और इजरायली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका और ईरान दोनों अगले 60 दिनों तक के लिए युद्धविराम को आगे बढ़ाने और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को धीरे-धीरे फिर से खोलने पर सहमत होने के करीब पहुंच गए हैं। जेरुसलम पोस्ट की एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगले करीब दो महीनों के लिए मिडिल ईस्ट का भविष्य तय हो गया है बस ऐलान होना बाकी है. गौरतलब है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम के अलावा एक प्रमुख मुद्दा रहा है जिसे लेकर अमेरिका और ईरान दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।

ऐलान जल्द: JP

पहले ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज इसके एक छोर पर अपना नियंत्रण बहाल करके दुनियाभर में गैस और तेल की किल्लत कराने के साथ दाम बढ़वा दिए, इससे भड़के ट्रंप ने दूसरे छोर से होर्मुज के जलमार्ग को बंद करके नाकाबंदी कर दी थी. उसके बाद इस पतले समुद्री लेकिन अहम रूट का भविष्य अंधकारमय हो गया था. शनिवार को ही फाइनेंशियल टाइम्स ने बताया था कि अमेरिका और ईरान मौजूदा युद्धविराम समझौते को 60 दिनों के लिए बढ़ाने पर सहमत होने वाले हैं, जिसके दौरान बातचीत में उठे अधिकांश मुद्दों का समाधान किया जाएगा।

ट्रंप ने कहा था 50-50

एफटी की रिपोर्ट में कहा गया कि नए शांति समझौते की शर्तों में होर्मुज जलडमरूमध्य को धीरे-धीरे फिर से खोलना शामिल होगा. शनिवार को ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Axios को बताया कि अमेरिका द्वारा ईरान के साथ समझौता करने या फिर से जंग शुरू करने की संभावना 50-50 है. उसी रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी सूत्रों ने बताया कि वह शनिवार को अपनी सुरक्षा कैबिनेट के साथ बैठक करेंगे और संभवतः रविवार तक समझौते पर हस्ताक्षर करने या युद्ध को एक बार फिर से शुरू करने के बारे में फैसला लेंगे।

यह रिपोर्ट पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के शनिवार को तेहरान से रवाना होने के बाद आई है. जहां उन्होंने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान और ईरान के शीर्ष वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ के साथ वार्ता का एक और दौर पूरा किया।
 

पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा, 'ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से तेहरान दौरे के दौरान मुनीर की ईरान के राष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई वार्ता बहुत कारगर रही, खासकर बीते 24 घंटों में अंतिम समझौते की दिशा में सराहनीय प्रगति हुई है।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत की धरती से क्या कहा?

फिलहाल भारत दौरे पर बिजी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को कहा कि वाशिंगटन और ईरान के बीच बातचीत में कुछ प्रगति हुई है. अमेरिका बहुत जल्द इस मुद्दे पर अपनी बात रख सकता है।

समझौते की खबरों पर ईरान का बयान

वहीं ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को ईरान के सरकारी टीवी को बताया कि अमेरिका और ईरान किसी समझौते तक पहुंचने के लिए अभी कोसों दूर हैं. हालांकि यह भी सच है कि अमेरिकी अधिकारी लगातार अपना रुख बदल रहे हैं. ईरानी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ईरान की मुख्य प्राथमिकता युद्ध समाप्त करना है, जिसमें लेबनान में लड़ाई समाप्त करना भी शामिल होगा. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का मसला अमेरिका से संबंधित नहीं है, ये पूरी तरह ईरान और खाड़ी देशों के बीच का मामला है।