Headlines
Loading...
केदारनाथ धाम में चढ़ावे का रिकॉर्ड उछाल, आय 71.06 करोड़ पहुंची, 34% की हुई बढ़ोतरी...

केदारनाथ धाम में चढ़ावे का रिकॉर्ड उछाल, आय 71.06 करोड़ पहुंची, 34% की हुई बढ़ोतरी...

उत्तराखंड देहरादून, ब्यूरो। भक्तों की आस्था से केदारनाथ मंदिर की आय एक साल में 18 करोड़ रुपये बढ़ गई है। केदारनाथ मंदिर की वित्त वर्ष 2024-25 में चढ़ावे, दान और विभिन्न सेवाओं से कुल 71.06 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 34.32% ज्यादा है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा के RTI कार्यकर्ता अमित गुप्ता ने आवेदन के जरिये जानकारी मांगी थी, जिसके जवाब में ये आंकड़ें उपलब्ध कराए हैं।

किस सेवा से कितनी आमदनी? हुई 

2023-24 में मंदिर की आय 52.90 करोड़ रुपये रही थी। मंदिर समिति ने बताया कि 2024-25 में 3.77 करोड़ रुपये की शुरुआती शेष राशि को शामिल करने के बाद रुद्रप्रयाग जिले में मंदिर के लिए कुल उपलब्ध धनराशि 74.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। समिति ने बताया कि मंदिर में विशेष पूजाओं से 14.18 करोड़ रुपये और थाली भेंट (दान) से 9.59 करोड़ रुपये अर्जित किए गए जबकि हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से 3.19 करोड़ रुपये, विशेष दान और हुंडी (संग्रह पेटी) से 4.46 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

2023-24 में कितने रुपये खर्च हुए?

मंदिर समिति ने 'यात्री भोग' से 1.56 करोड़ रुपये और निवेश पर ब्याज के रूप में 2.75 करोड़ रुपये भी प्राप्त किए। 31 मार्च, 2025 को समाप्त हुए वर्ष में मंदिर पर कुल 66.39 करोड़ रुपये व्यय हुआ। RTI आवेदन के जवाब के अनुसार, मंदिर की वित्तीय वर्ष 2023-24 में 52.90 करोड़ रुपये की आय हुई और 54.16 करोड़ रुपये खर्च हुए।

कर्मचारियों के वेतन पर खर्च होते हैं 20-25 करोड़ रुपये

मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि समिति केदारनाथ मंदिर के अलावा बद्रीनाथ समेत 47 अन्य मंदिरों का प्रबंधन करती है। उन्होंने कहा, "हमारे अस्थायी और सीजनल कर्मचारियों समेत लगभग 600 से 700 कर्मचारी हैं। 20-25 करोड़ रुपये वेतन पर ही खर्च हो जाते हैं।" 

अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि इस धनराशि से मंदिरों, 27 गेस्ट हाउस और सात स्कूलों का रखरखाव होता है। उन्होंने बताया कि प्रमुख खर्चों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाएं और मंदिरों के खुलने व बंद होने की अवधि के दौरान किए जाने वाले रखरखाव कार्य शामिल हैं।