वरुणा पर 80 मी.लम्बे -7.5 मी.चौड़े पुल निर्माण में 19.68 करोड़ ₹ होंगे खर्च, रामेश्वर व हरहुआ क्षेत्रों के दो दर्जन गांवों को होगा फायदा...
वाराणसी/रोहनिया। वरुणा के महादेवा घाट पर नया पुल बनेगा। 80 मीटर लम्बे और 7.5 मीटर चौड़े पुल के निर्माण पर 19.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे रामेश्वर और हरहुआ क्षेत्रों के दो दर्जन गांवों के ग्रामीणों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
कार्य का टेंडर हो गया है और भूमिपूजन भी जल्द होगा। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने महादेवा घाट पर नया पुल बनाने का प्रस्ताव दिया था। शासन से इसे मंजूरी मिल गई। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम पुल का निर्माण कराएगा।
मुख्य परियोजना प्रबंधक एसके निरंजन ने बताया कि प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्माण में घाट किनारे कुछ जगहों पर भूमि अधिग्रहण भी किया जाएगा।
बता दें कि महादेवा घाट पर शिवलिंग स्थापित है, जहां पूजा-अर्चना करने ग्रामीण आते हैं। यहां छठ पर्व पर आस्थावानों की भारी भीड़ होती है। महादेव घाट पर पुल बनने से भड़ाव, सिहोरवा, कपरफोरवा, भटौली, पम्पापुर, खेवली, भतसार, लहिया, रामेश्वर, बरेमा, भगतूपुर, चकरा, गोसाईंपुर, हरहुआ आदि गांवों के बाशिंदों को काफी सुविधा होगी। अभी उन्हें काफी घूमकर आना-जाना होता है।
भतसर के ग्राम प्रधान बृजेश पटेल 'बबलू' ने बताया कि अभी ग्रामीणों को लगभग सात किमी का चक्कर लगाकर गंतव्य को जाना होता है।