Bihar News:6 घंटे में चोरी का खुलासा, सम्राट के पुलिस की तेज कार्रवाई, खदेड़कर 3 चोर तुरंत किए गिरफ्तार...
बिहार पुलिस की त्वरित कार्रवाई : चोरी की एक वारदात ने जहां कुछ देर के लिए हड़कंप मचा दिया, वहीं पुलिस की तेज कार्रवाई ने पूरे मामले को महज कुछ घंटों में सुलझा दिया। मामला वैशाली के बेलसर थाना क्षेत्र का है, जहां तीन चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद मिली सूचना पर डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक आरोपी घर से निकल चुके थे। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के दौरान एक चोर को मौके से ही खदेड़कर पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को पास के लीची के बगीचे में छिपे हुए गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में स्थानीय पुलिस की सक्रियता और त्वरित प्रतिक्रिया को अहम माना जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी किया गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया। बरामद सामान में दो बाइक, पीतल के बर्तन और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें आरोपी लीची बागान में छिपाकर भागने की फिराक में थे।
इस संबंध में गोपाल मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े कई अन्य मामलों का भी जल्द खुलासा हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होता है और अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलती है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी हुई है।