कॉकरोच जनता पार्टी का BJP ने फोटो शेयर कर पूछा-'सोरोस' कनेक्शन? अभिजीत दीपके बोस्टन आखिर किसके पैसे पर गया? बताएं...
नईदिल्ली, ब्यूरो। भारत के चीफ जस्टिस की हालिया टिप्पणी के बाद पिछले सप्ताह अस्तित्व में आई कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को लेकर बीजेपी ने गंभीर आरोप लगाए है। बीजेपी का आरोप है कि अभिजीत दीपके आम आदमी पार्टी यानि अरविंद केजरीवाल के कार्यकर्ता हैं। इसके साथ ही बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने विदेश यात्रा के खर्च को लेकर भी सवाल किया कि क्या इसका खर्च सोरोस फाउंडेशन दे रहा है?
सोशल मीडिया पर कॉकरोज जनता पार्टी पर जारी घमासान के बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल ने कहा, 'यह सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपको आम आदमी पार्टी यानि अरविंद केजरीवाल के कार्यकर्ता हैं।' उन्होंने मनीष सिसोदिया के साथ तस्वीर भी शेयर की।
'क्या देश तोड़ने के लिए विदेशी ताकतों की मदद लेंगे?'
निशिकांत दुबे ने सवाल किया कि 'अभिजीत दीपके यह बोस्टन किसके पैसे से गया? क्या इसके रहने और खाने का खर्चा सोरोस फाउंडेशन दे रहा है? यह विपक्ष के लिए एक चेतावनी है, क्या आप देश तोड़ने के लिए विदेशी ताकतों की मदद लेंगे?'
एक्स अकाउंट पर लगी रोक
सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर के साथ सुर्खियों में रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' के 'एक्स' अकाउंट पर गुरुवार को रोक लगा दी गई। हालांकि, रोक के कुछ ही देर बाद 'कॉकरोच मरता नहीं है' टैगलाइन के साथ 'कॉकरोच इज बैक' नाम से एक और हैंडल बना दिया गया। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, 'इस बात की उम्मीद पहले से थी क्योंकि कल से हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन सरकार का दांव उलटा पड़ गया है।'
दीपके ने कहा, 'मैंने अब 'एक्स' पर 'कॉकरोच इज बैक' नाम से एक नया अकाउंट शुरू किया है।' उन्होंने कहा कि टीम इस मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाएगी। 'कॉकरोच इज बैक' एक्स हैंडल शुरू होने के कुछ घंटे बाद शाम छह बजे इसके फॉलोअर की संख्या 39,000 हजार से अधिक हो गई। इसने एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराया। दीपके के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी के 'एक्स' पर 2,01,000 फॉलोअर थे।
कैसे अस्तित्व में आई पार्टी?
यह पार्टी भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की इस टिप्पणी के बाद अस्तित्व में आई जिसमें उन्होंने वरिष्ठता की मांग कर रहे एक वकील से नाराजगी जताते हुए परजीवी और कॉकरोच जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
प्रधान न्यायाधीश ने बाद में स्पष्टीकरण दिया था कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उनकी टिप्पणी विशेष रूप से उन लोगों पर केंद्रित थी जो फर्जी डिग्रियों के माध्यम से वकालत के पेशे में प्रवेश करते हैं।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने 15 मई को संबंधित टिप्पणी की थी और इसके एक दिन बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' सामने आई। यह तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसे नेताओं, कार्यकर्ताओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिलने लगा। हालांकि, भारत में 'एक्स' अकाउंट तक पहुंच संभव नहीं है, लेकिन वीपीएन के जरिए इस तक पहुंचा जा सकता है। वहीं, इसका इंस्टाग्राम पेज सक्रिय है और बृहस्पतिवार शाम तक इसके करीब 1.56 करोड़ फॉलोअर थे।
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में इसकी तुलना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक अकाउंट से की गई जिसके फॉलोअर की संख्या 88 लाख थी।