यूपी में कल रात..आज सुबह ताबड़तोड़ मुठभेड़: कई जिलों में तड़तड़ाईं गोलियां, 'हाफ एनकाउंटर' में आधा दर्जन बदमाश दबोचे गए...
यूपी क्राइम न्यूज। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह प्रदेश के श्रावस्ती, गोंडा, जौनपुर और वाराणसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इन कार्रवाइयों में 50-50 हजार के इनामी बदमाशों समेत करीब आधा दर्जन अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अकेले जौनपुर में ही तीन स्थानों पर एनकाउंटर हुआ है।
श्रावस्ती: 50 हजार का इनामी संजय लोनिया गिरफ्तार
श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के सेमगढ़ा इलाके में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश संजय लोनिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। सीतापुर निवासी संजय पर चोरी और नकबजनी के 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। एसपी राहुल भाटी ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश का हाल जाना और बताया कि आरोपी किराए पर कमरा लेकर वारदात की फिराक में था।
गोंडा: सर्राफ लूटकांड के दो आरोपी दबोचे
करनैलगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार रात सर्राफ लूटकांड के आरोपियों को घेरा। फायरिंग के दौरान आरोपी बृजेश शुक्ला के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी अमर शुक्ला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से लूटे गए आभूषण, नकदी और बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह एक संगठित गिरोह है जो बहराइच और आसपास के जिलों में लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
वाराणसी: मनीष हत्याकांड के मुख्य आरोपी सगे भाई गिरफ्तार
वाराणसी के पिंडरा इलाके में सोमवार रात 10 बजे पुलिस ने 50-50 हजार के इनामी बदमाशों मनीष राजभर और आशीष राजभर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। दोनों सगे भाई कारोबारी मनीष सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी थे। डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे और कारतूस बरामद हुए हैं।
जौनपुर: दूल्हा हत्याकांड में दो पकड़े गए
दूल्हा हत्याकांड के मुख्य आरोपियों की मदद करने वाले बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। फरार तीनों मुख्य आरोपियों प्रदीप बिंद निवासी चिकसांवा, थाना बरदह, जिला आजमगढ़, रवि यादव निवासी सोंधी, खेतासराय और भोले राजभर निवासी जपटापुर पर डीआईजी ने इनाम बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया है। खेतासराय क्षेत्र में सोंगर भट्ठे के पास रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुशल मिश्रा और अनिकेत मिश्रा दोनों निवासी संदहा, थाना सरायख्वाजा के पैर में गोली लग गई। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दूल्हा हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को फरार होने में मदद की थी।
जौनपुर में ही खुटहन और गौराबादशाहपुर में मुठभेड़
जौनपुर जिले में पुलिस ने अपराधियों पर चौतरफा प्रहार किया है। खुटहन और बदलापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तिघरा तिराहे के पास घेराबंदी कर हत्या के वांछित आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार किया। भागने की कोशिश में विकास ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
वहीं, गौराबादशाहपुर पुलिस ने लिलहा मोड़ के पास आजमगढ़ की तरफ से आ रहे शातिर अपराधी अजय यादव को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। जवाबी फायरिंग में अजय घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंकित यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। इसके अलावा, जिले में दूल्हा हत्याकांड के मददगारों कुशल और अनिकेत मिश्रा को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।