Headlines
Loading...
सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक, सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए...

सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक, सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में  लखनऊ में सड़क सुरक्षा के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक हुई। मुख्यमंत्री जी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लखनऊ।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारे लिए प्रत्येक व्यक्ति का जीवन महत्वपूर्ण है। सड़क दुर्घटनाओं में हो रहीं मृत्यु देश व राज्य की क्षति हैं। ये दुर्घटनाएं अधिकांशतः जागरूकता के अभाव में होती हैं, ऐसे में सभी जनपदों में सड़क सुरक्षा से संबंधित विशेष अभियान चलाए जाएं।

उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर सड़क सुरक्षा के संबंध में पाक्षिक बैठक कर कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया जाए तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवर स्पीड तथा नशे में वाहन संचालन किसी भी दशा में स्वीकार नहीं है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी वाहन का बार-बार चालान हो रहा है तो उस पर कठोरतम कार्रवाई की जाए। परिवहन निगम सुनिश्चित करे कि सही फिटनेस वाली बसें ही सड़कों पर चलें। चालकों-परिचालकों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण होता रहे।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के संबंध में जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। चौराहों, टोल प्लाजा, महत्वपूर्ण स्थलों, व्यस्त मार्गों तथा उपयुक्त स्थानों आदि पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से यातायात नियमों के संबंध में आमजन को जानकारी दी जाए।

उन्होंने कहा कि सीट बेल्ट, हेलमेट तथा सड़क सुरक्षा के अन्य मानकों को अपनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को प्रेरित किया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि प्रदेश की सड़कों के ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर उनके निराकरण की दिशा में तय समय में कार्य किए जाएं। उपयुक्त स्थलों पर साइनेज लगाए जाएं। चौराहों समेत आवश्यक स्थानों पर टेबलटॉप स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।