वाराणसी में सरकार के रवैये से हारा पर्यटन संघ, टैक्सी की कीमतें बढ़ाने की कर दी घोषणा, जान लें बढ़ी हुई दरें क्या होंगी?...
वाराणसी, ब्यूरो। पर्यटकों को अब बनारस में वाहनों की बुकिंंग भारी पड़ने वाली है। पर्यटन के लिहाज से बड़े हब यानी वाराणसी में वाहनों की कीमतें बढ़ गई हैं। अब पर्यटकों को अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। पर्यटन संघ के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि, "सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है। केवल हमारा संघ ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के हर जिले के संघों ने अपनी मांगें रखी हैं। वे हमसे 15 साल का टैक्स अग्रिम रूप से चुकाने को कह रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से संघ की बैठकें चल रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। इस स्थिति के कारण, संघ को दरें बढ़ाने का निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
वाराणसी में टैक्सी किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर बढ़ा दिया गया है। पर्यटन संगठन ने महंगाई और टैक्स नीति को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। वर्ष 2018 में किराया बढ़ाया गया था, लेकिन उसके बाद कोविड महामारी के कारण लगभग दो वर्षों तक टैक्सियां खड़ी रहीं, जिससे संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि अयोध्या समेत प्रदेश के कई जिलों में पहले ही किराया बढ़ाया जा चुका है। नए किराए के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर का किराया 11 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 13 रुपये कर दिया गया है। अर्टिगा का किराया 14 रुपये से बढ़ाकर 16 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है।
बताया कि इनोवा क्रिस्टा का किराया 18 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति किलोमीटर किया गया है। टेंपो ट्रैवलर का किराया 28 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये प्रति किलोमीटर किया गया है, जबकि अन्य बड़ी गाड़ियों का किराया 35 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि मिनिमम रनिंग किलोमीटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह लोकल यात्रा के लिए प्रतिदिन 200 किलोमीटर और आउटस्टेशन यात्रा के लिए 250 किलोमीटर की बिलिंग व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रणय रंजन सिंह ने कहा कि यदि सरकार हमारी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो भविष्य में और भी अधिक दरें बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को पर्यटन उद्योग की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि यह न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि रोजगार के अवसर भी प्रदान करता है।