Headlines
Loading...
बीवी को गर्लफ्रेंड के घर में ले जाकर मार डाला, फिर बाथरूम में लाश रख भागा पति, फोन पर ससुर से कही थी ये बात फिर...

बीवी को गर्लफ्रेंड के घर में ले जाकर मार डाला, फिर बाथरूम में लाश रख भागा पति, फोन पर ससुर से कही थी ये बात फिर...

Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर डाली. फिर लाश को अपनी प्रेमिका (लिव-इन पार्टनर) के किराये के कमरे के बाथरूम में छुपाकर दोनों फरार हो गए.रविवार को कमरे से तेज बदबू आने पर जब पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, तब जाकर इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका मधु (22 वर्ष) मूल रूप से रेवाड़ी के हंसाका गांव की रहने वाली थी. करीब एक साल पहले ही उसकी शादी मानेसर निवासी अंकित भगत से हुई थी. मधु 21 मई को अचानक लापता हो गई थी. मृतका के पिता अशोक ने बताया कि 21 मई को दामाद अंकित और उसके परिजनों ने उनके घर आकर एक झूठी कहानी गढ़ी कि मधु घर के सारे सोने-चांदी के गहने लेकर किसी के साथ भाग गई है. शक होने पर मायके वाले तुरंत पुलिस के पास पहुंचे. जैसे ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, आरोपी पति अंकित 22 मई से अचानक गायब हो गया।

पड़ोसियों की गवाही से खुला राज

शुरुआती जांच में मायके वालों को पड़ोसियों से अहम सुराग मिले. पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने 21 मई को मधु को उसके पति अंकित के साथ स्कूटी पर बैठकर जाते हुए देखा था. इसके बाद जब पुलिस ने अंकित के बैकग्राउंड की जांच की, तो पता चला कि उसने मानेसर बस स्टैंड के पास दो साल से एक कमरा किराये पर ले रखा था, जहां वह एक अन्य युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहता था. स्थानीय लोगों ने 22 मई की रात को अंकित और उसकी प्रेमिका को हड़बड़ाहट में उस कमरे से भागते हुए भी देखा था।

बाथरूम में सड़ चुकी थी लाश

पुलिस जब उस किराये के कमरे पर पहुंची, तो बाथरूम के अंदर मधु का शव बुरी तरह सड़ चुकी हालत में मिला. प्राथमिक जांच के अनुसार, महिला की हत्या कई दिन पहले ही कर दी गई थी और शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से बाथरूम में बंद कर दिया गया था. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति अंकित और उसकी प्रेमिका के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और दोनों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।