चंदौली में सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, हाईवे पर अनियंत्रित हुई बाइक, गांव में पसरा मातम...
कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत धनेछा गांव से वाराणसी जा रहे पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। चंदौली में नेशनल हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया, लेकिन जिंदगी की जंग हार गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाईवे पर अचानक अनियंत्रित हुई बाइक
जानकारी के अनुसार धनेछा गांव निवासी रमेश गुप्ता अपने पुत्र शिवांश गुप्ता के साथ बाइक से वाराणसी स्थित कोनिया मकान जा रहे थे. इसी दौरान चंदौली में जगदीशसराय स्थित यूनियन बैंक के समीप नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई. हादसे के दौरान दोनों अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई इंसानियत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान टूट गई जिंदगी की डोर
परिजन आनन-फानन में दोनों को लेकर वाराणसी पहुंचे, जहां इलाज के दौरान पिता रमेश गुप्ता और पुत्र शिवांश गुप्ता की मौत हो गई. एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद धनेछा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. जिसने भी इस दर्दनाक हादसे की खबर सुनी, उसकी आंखें नम हो गईं. ग्रामीणों ने बताया कि रमेश गुप्ता अपने परिवार के साथ बेहद खुशहाल जीवन जी रहे थे, लेकिन एक पल में यह हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन ले गया।