प्रशासन और शिक्षा विभाग की वाराणसी में निजी स्कूल पर बड़ी कार्रवाई, अवैध कक्षाएं और कॉपी-किताबों के खेल का हुआ खुलासा...
वाराणसी, ब्यूरो। कोल्हुवा विनायका स्थित ओ ग्रुव चिल्ड्रन एकेडमी में चल रहे खेल पर शनिवार को प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा गठित विशेष जांच टीम ने विद्यालय परिसर में औचक छापेमारी की।
टीम को विद्यालय के भीतर कई गंभीर खामियां और नियम विरुद्ध कार्य होते मिले। विद्यालय परिसर में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की कक्षाएं बिना किसी वैध मान्यता के संचालित पाई गईं।
छात्रों और अभिभावकों पर प्राइवेट प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें खरीदने का दबाव बनाया जा रहा था। स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को विशिष्ट दुकानों से ही ड्रेस और किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा था। शासन के निर्देशों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से फीस में बढ़ोतरी की शिकायतें भी सही पाई गईं।
जांच टीम में एडीआईओएस प्रथम राणा बृजेश कुमार सिसोदिया और एडीआइओएस राजन सिंह के अलावा खंड शिक्षा अधिकारी हरहुआ पंकज यादव, स्कन्द गुप्त, अखिलेश कुमार यादव और चोलापुर के खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज भी मौजूद रहे।
टीम ने विद्यालय प्रबंधन को तीन दिनों में सभी संबंधित दस्तावेज और स्पष्टीकरण डीआईओएस कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसी भी सूरत में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ और अभिभावकों का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यदि विद्यालय प्रबंधन अभिलेख प्रस्तुत नहीं करता है, तो विद्यालय की मान्यता निरस्त करने के साथ-साथ भारी आर्थिक दंड और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।