वाराणसी में भूटान सरकार को मिलेगी दो एकड़ भूमि, उसमें बौद्ध मंदिर और गेस्ट हाउस का होगा निर्माण...
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार द्वारा रायल गवर्नमेंट आफ भूटान को वाराणसी में दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। भूटान सरकार द्वारा इस भूमि पर बौद्ध मंदिर और गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से लीज डीड की कार्यवाही की जा रही है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भूटान सरकार को यह जमीन वाराणसी के मौजा पिंडरा अजईपुर कोलसला में उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप उप्र सरकार इस दिशा में आगे बढ़ी है। लीज डीड पर रायल गवर्नमेंट आफ भूटान के प्रतिनिधि और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि के हस्ताक्षर होंगे। शासन स्तर से डीड पर हस्ताक्षर करने के लिए विशेष सचिव पर्यटन मृदुल चौधरी को नामित किया गया है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि काशी में सारनाथ समेत विश्व प्रसिद्ध धर्मस्थल हैं। बौद्ध मंदिर के निर्माण से यहां देशी एवं विदेशी बौद्ध अनुयायियों का आगमन होगा, जिससे पर्यटन गतिविधियां बढ़ेगी।