वाराणसी जिले में अपहरण कर मासूम को कुएं में फेंकने वाला अभियुक्त एनकाउंटर के बाद देर रात गिरफ्तार, आज कारवाई कर भेजा गया जेल...
चौबेपुर, वाराणसी। कौआपुर गांव में सोमवार को छह वर्षीय मासूम का अपहरण कर उसे करीब 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंकने की सनसनीखेज घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोचा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौआपुर निवासी इमरान की छह वर्षीय पुत्री, जो बसंत पब्लिक स्कूल में एलकेजी की छात्रा है, सोमवार को स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में साइकिल सवार युवक ने उसे बहला-फुसलाकर साइकिल पर बैठाया और लेकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नाग्याच और एसीपी विदुष सक्सेना समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। एडीसीपी लिपि नाग्याच के अनुसार, सोमवार की आधी रात शंकरपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद निवासी कौआपुर के रूप में हुई है। उसके पास से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस व नकदी बरामद की गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए बीएचयू भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
मंगलवार को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इधर, इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन की लापरवाही भी सवालों के घेरे में आ गई है। बच्ची की मां परवीन ने आरोप लगाया कि स्कूल के बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं और छुट्टी के समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं रहते।
परिजनों का कहना है कि वह रोज बच्ची को लेने जाती थीं, इसके बावजूद उसे अकेले घर जाने दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में छुट्टी का समय निर्धारित नहीं है, जिससे अभिभावकों को असुविधा होती है और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।