ब्रिटेन में सोनीपत के मां-बेटे ने रचा इतिहास, तुषार के बाद अब परवीन रानी भी बनीं मेयर...
भारतीय नाम रोशन उपलब्धि :: ब्रिटेन की राजनीति में भारतीय मूल के एक परिवार ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, सोनीपत जिले के रोहणा गांव के रहने वाले तुषार दहिया और उनकी मां परवीन रानी ने एक ही समय में मेयर पद पर पहुंचकर नया रिकॉर्ड बनाया है।
तुषार, को पिछले सप्ताह यूनाइटेड किंगडम के एल्सट्री और बोरेहामवुड का मेयर चुना गया था तो वहीं 20 मई को उनकी मां परवीन रानी को हर्ट्समेयर बरो काउंसिल का मेयर चुना गया। इस तरह मां-बेटे की जोड़ी ने ब्रिटेन की राजनीति में एक अनोखा इतिहास रच दिया है।
इस सफलता को लेकर उनके परिवार का कहना है कि यूके के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक ही परिवार के मां और बेटे दोनों मेयर बने हों. इसे भारतीय समुदाय के लिए गर्व का पल माना जा रहा है।
परवीन 2013 में गई थीं ब्रिटेन
बता दें कि परवीन रानी साल 2013 में अपने बेटे तुषार के साथ ब्रिटेन गई थीं. वहां उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में काम शुरू किया और हिंदी शिक्षा परिषद यूके से जुड़कर भारतीय मूल के बच्चों को हिंदी पढ़ाने का कार्य किया. सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और 2023 में कैबिनेट मिनिस्टर बनीं. इसके बाद 2024 में वह डिप्टी मेयर भी चुनी गईं।
इसके बाद, तुषार ने भी अपनी मां के नक्शेकदम पर चलते हुए राजनीति में कदम रखा और पार्षद बने. अब दोनों मां-बेटे मेयर पद पर पहुंचकर भारतीय मूल की मजबूत राजनीतिक मौजूदगी का उदाहरण बन गए हैं।
पैतृक गांव रोहणा में खुशी का माहौल
इस उपलब्धि के बाद उनके पैतृक गांव रोहणा में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र और देश के लिए गर्व का पल बताया है. परिवार का कहना है कि परवीन रानी आगे चलकर ब्रिटेन की मुख्यधारा की राजनीति में सांसद बनने का लक्ष्य लेकर काम कर रही हैं।