Headlines
Loading...
जिसकी दुल्हन वही बियाहेः शादी से पहले खुली दूल्हे की पोल, छोटे भाई ने होने वाली भाभी संग लिए फेरे...

जिसकी दुल्हन वही बियाहेः शादी से पहले खुली दूल्हे की पोल, छोटे भाई ने होने वाली भाभी संग लिए फेरे...

बिहार के बेतिया में एक युवती की शादी उसके होने वाले पति के छोटे भाई के साथ कराई गयी। ठकराहा थाना क्षेत्र के नवका टोला बेलवारीपट्टी गांव का मामला है। शादी समारोह उस समय सनसनी और हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे की कथित पहली शादी और तीन बच्चों का राज खुल गया।दुल्हन की मां के मोबाइल पर आई कुछ तस्वीरों से देखते ही देखते खुशियों का माहौल तनाव और हंगामे में तब्दील हो गया।

जानकारी के मुताबिक बेलवारीपटी गांव निवासी ललन चौधरी ने अपने बड़े बेटे की शादी गोपालगंज जिले की एक युवती से तय की थी। मंगलवार को बारात जानी थी और सोमवार को घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी बीच लड़की पक्ष की मां के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात महिला ने दूल्हे के साथ अपनी तस्वीरें और शादी से जुड़े कथित सबूत भेज दिए। महिला ने दावा किया कि वह युवक की पत्नी है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इस खुलासे के बाद लड़की पक्ष के दर्जनों लोग तुरंत बेलवारीपट्टी गांव पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि शादी टूटने की नौबत आ गई।

परिजनों के मुताबिक, लड़के के परिवार को भी इस संबंध की जानकारी दो दिन पहले ही मिली थी। वहीं खुद को पत्नी बताने वाली महिला ने बताया कि करीब नौ वर्ष पहले उतराखंड में एक प्लाई कंपनी में काम करने के दौरान उसकी युवक से मुलाकात हुई थी। दोनों लंबे समय तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे। महिला ने इंसाफ और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर ठकराहा थाने में आवेदन भी दिया है। हालांकि इस सम्बंध में थानाध्यक्ष से सम्पर्क करने की कोशिश की गई पर सम्पर्क नही हो सका।

छोटे भाई ने बचाई दोनों परिवारों की इज्जत

घंटों तक चले विवाद, पंचायत और मान-मनौव्वल के बाद एक अनोखा समझौता सामने आया। बड़े भाई की जगह उसके छोटे भाई से शादी कराने का प्रस्ताव रखा गया। शुरुआत में लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया, लेकिन सामाजिक दबाव और बेटी के भविष्य को देखते हुए आखिरकार सहमति बन गई। इसके बाद मंगलवार को छोटे भाई को दूल्हा बनाकर बारात रवाना की गई।

गांव में यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तरफ बड़े भाई के कथित धोखे से रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया था, वहीं छोटे भाई ने सेहरा बांधकर दोनों परिवारों की इज्जत बचाने का काम किया। फिलहाल ठकराहा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।