वाराणसी में पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया...
वाराणसी, चौबेपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उकथी तड़वा बस्ती निवासी सूरज (30) पुत्र शिवपूजन ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर सोमवार की मध्यरात्रि अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात भोजन करने के बाद सूरज अपने कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान क्षेत्र में बिजली कट गई। बताया जा रहा है कि इसी बीच उसने कमरे में रखी चारपाई पर चढ़कर पंखे में गमछा बांधकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो रोशनदान से उसका शव लटकता देख पिता शिवपूजन के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी जाल्हुपुर मनीष कुमार ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि मृतक एक पुत्र और दो पुत्रियों का पिता था।
घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी के साथ न आने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। थाना प्रभारी बीरेंद्र सोनकर ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।