गोरखपुर क्राइम न्यूज :: सराफा दुकान से गहनों का पैकेट लेकर भागने वाले आज सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल, कोर्ट में पेश कर जेल भेजा...
गोरखपुर, ब्यूरो। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के अनुसार बुधवार सुबह करीब पांच बजे हरपुर धुरियापार चीनी मिल के पास गश्त के दौरान दो बाइक पर सवार पांच संदिग्ध युवक आते दिखे। रोकने का इशारा करने पर बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में घेराबंदी कर पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें सहारनपुर के देवबंद कस्बा निवासी मेहंदी हसन के बाएं पैर और रेहान के दाएं पैर में गोली लगी। घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों सहारनपुर के देवबंद कस्बा निवासी सागिर अली, मुस्तफा और मुजफ्फरपुर के परमपुरा ( मेहंदी हसन चौक) निवासी अफजल अली भी घेराबंदी कर मौके से अरेस्ट किए गए।
लूट का वीडियो वायरल
पुलिस के मुताबिक इन बदमाशों की ओर से की गई लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था. पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाशों के पास से लूट के चार जोड़ी आभूषण (कान का झाला), एक चांदी की अंगुठी, पांच मोबाइल, 16890 रुपये नगद, दो बाइक, दो तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं. दोपहर बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
चश्मा बेचने के बहाने करते थे रेकी
पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी आजमगढ़, मऊ, बस्ती, मुजफ्फरपुर, बस्ती, देवरिया समेत आसपास के जिले में चश्मा बेचने के बहाने गली-गली घूमकर पहले रेकी करते थे. इसके बाद बाइक की नंबर प्लेट बदलकर वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस के अनुसार, ये लोग तीन दिन पहले ही देवरिया आए थे और गोला लूट कांड में पांच आरोपी शामिल थे। वारदात के वक्त रेहान और मेहंदी हसन दुकान में गए थे, जबकि दो बाइक पर बैठकर इंतजार कर रहे थे. इनका एक साथी रेकी कर रहा था. सीसीटीवी कैमरे की मदद से सभी आरोपियों की पहचान की गई थी।
पहले से दर्ज कई मामले
पुलिस अभिलेखों के अनुसार पकड़े गए रेहान अली का आपराधिक इतिहास अधिक विस्तृत है. गोरखपुर के ताजा मामलों के अतिरिक्त उसके खिलाफ थाना तितावी, मुजफ्फरनगर में चोरी व आर्म्स एक्ट और सहारनपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2017 में भी मुकदमा दर्ज है. फजल अली, मेहंदी हसन, शाकिर अली और मुस्तफा का आपारधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
मुठभेड़ में शामिल टीम
पुलिस मुठभेड़ के दौरान सीओ गोला दरवेश कुमार, गोला थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह, एसआई राकेश सिंह, आशीष यादव, विवेक सिंह, जितेंद्र कुमार, आनंद कुमार, राजेंद्र सिंह सहित कांस्टेबल सद्दाम हुसैन, साहिल, कमलेश यादव, विजय पासवान, अशोक कुमार और अमित यादव शामिल रहे।