यूपी कॉलेज के छात्रों ने भेलूपुर इंस्पेक्टर पर लाठीचार्ज और अभद्रता का लगाया आरोप, कहा अगर इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो...
वाराणसी, ब्यूरो। यूपी कॉलेज के छात्रों ने भेलूपुर इंस्पेक्टर पर लाठीचार्ज और अभद्रता का आरोप लगाया है। शुक्रवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी कैंट को ज्ञापन सौंपकर निरीक्षक दुर्गा सिंह पर कार्रवाई की मांग की।
छात्रों का कहना है कि 20 मार्च को छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद उनका शव लेकर परिवार के पास जा रहे थे। गिलट बाजार चौराहे पर पुलिस ने छात्रों को डंडों से पीटा। जिसमें कई छात्र घायल हुए थे।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मौजूदा प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर ने छात्रसंघ अध्यक्ष के साथ भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। छात्रों ने कहा कि इस घटना से महाविद्यालय परिवार और पूर्व छात्रों की भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले में पहले जांच का आश्वासन दिया गया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं हुई तो सभी छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।