चंदौली,सोनभद्र,आजमगढ़,बलिया सहित पूर्वांचल में भोर में आंधी और बरसात के बीच कई पेड़ गिरे वहीं वज्रपात से दो की हुई मौत...
आंधी से गिरे पेड़, विद्युत आपूर्ति हुई ठप
चंदौली जिले में भीषण गर्मी और उमस से गुरुवार की रात राहत मिली। रात 3.45 बजे आंधी व गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान ग्रामीणों क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। टीनशेड व छप्पर उड़ गए। सकलडीहा में नीम का पेड़ गिर गया। हालांकि कोई जनहानि की सूचना नहीं है। कुछ क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह धूप खिलने के बाद भी मौसम ठंडा रहा। तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आंधी से कई स्थानों पर गिरे पेड़, उड़े छप्पर व टीनशेड
मीरजापुर: कई दिनों से पड़ रही उमसभरी गर्मी से गुरुवार को आधी रात के बाद मौसम बदलने से काफी राहत मिली। लगभग तीन बजे आंधी व गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान ग्रामीणों क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। टीनशेड व छप्पर उड़ गए। हलिया यूकेलिप्टस का पेड़ खंभे पर गिरने से तार टूट गया और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मड़िहान में पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन बाधित हो गया। शुक्रवार को सात बजे से हवा व बारिश बंद होने से धूप तो निकली है, लेकिन तापमान में गिरावट है। आंधी के आम को भी काफी नुकसान हुआ है।
बारिश से गिरा तापमान, तेज आंधी से भारी नुकसान
सोनभद्र जिले में शुक्रवार को भोर चार बजे से आई तेज आंधी और बारिश ने नौतपा के असर को लगभग समाप्त कर दिया। कुछ देर पहले तक जहां लोग भीषण गर्मी से परेशान थे। वहीं इस बारिश में लोगों को राहत प्रदान की। तापमान में भी भारी गिरावट हुई। हालांकि तेज आंधी - बारिश के कारण भारी नुकसान का भी अनुमान लगाया जा रहा है। जगह-जगह बिजली के फूल और तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। कई जगह पेड़ और टहनी भी टूट कर गिरी। वहीं मक्का और सब्जियों की फसलों पर भी असर पड़ा है।
आजमगढ़ में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत
आजमगढ़ जिले में महराजगंज थाना क्षेत्र के कोलहटा कमाल गांव में शुक्रवार की सुबह घर से खेत की तरफ नित्यक्रिया के लिए गये एक व्यक्ति की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव निवासी धर्मराज राजभर उम्र लगभग 50 वर्ष भोर में लगभग पांच बजे खेत की तरफ नित्यक्रिया के लिए गए, उसी समय बादलों की गड़गड़ाहट और बारिश शुरू हो गई।
वह घर की तरफ वापस लौट रहे थे तभी वज्रपात की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। किसी ने देखा तो स्वजन को सूचित किया तो आनन-फानन स्वजन मौके की तरफ दौड़े और स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए ,जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। स्वजन द्वारा दी गई सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वज्रपात से बलिया में रिटायर्ड रेलवे कर्मी की मौत
बलिया जिले में हल्दी क्षेत्र के परसिया गांव में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परसिया गांव निवासी 75 वर्षीय इंद्रजीत यादव अपने खेत में मक्का की फसल की कटाई का कार्य मजदूरों से करवा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी व बारिश शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख इंद्रजीत यादव मजदूरों के साथ खेत से निकलकर पास स्थित एक बागीचे में चले गए।
बताया जाता है कि बागीचे में पहुंचते ही अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर इंद्रजीत यादव गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े। मजदूरों ने शोर मचाते हुए परिजनों को सूचना दी। स्वजन उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल संदीप सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक के पुत्र जग्गू यादव पोस्टमार्टम कराने के इच्छुक नहीं हैं। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। गांव में अचानक हुई इस घटना से लोग स्तब्ध हैं, स्वजन को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं।