Headlines
Loading...
चित्रकूट पुल घाट में दिनदहाड़े प्री प्लानिंग चाकू मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया, पुलिस कर रही हत्यारों को तलाश...

चित्रकूट पुल घाट में दिनदहाड़े प्री प्लानिंग चाकू मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया, पुलिस कर रही हत्यारों को तलाश...

चित्रकूट। पुल घाट में दिनदहाड़े जिस तरह से चाकू मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है, उससे स्पष्ट हो रहा कि हमलावर योजना बनाकर आए थे। हमलावरों का मृतक के बेटे से मोबाइल चोरी को लेकर विवाद था। वह बेटे के ऊपर हमला बोलने के इरादे से पहुंचे थे। लेकिन शोरगुल सुनकर पिता समेत अन्य परिजन पहुंच गए। वारदात को अंजाम देकर भागे हमलावरों की तलाश में एएसपी की अगुवाई में पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हमलावर अभी पुलिस के हाथ नहीं लगे है। 

हमलावरों को शंका थी कि उनका मोबाइल फोन विजय उर्फ रिंकू निषाद ने चोरी किया है। इसी बात पर हमलावरों का रिंकू से विवाद था। रविवार को जब रिंकू मंदाकिनी नदी में नहाने पहुंचा तो हमलावर वहीं पहुंच गए। उससे मोबाइल फोन चोरी करने की बात कही तो विवाद शुरु हो गया। हमलावरों ने उससे मारपीट शुरु कर दी तो शोरगुल सुनकर रिंकू का पिता बिट्टी निषाद व अन्य परिजन भी पहुंच गए। रिंकू को बचाने के दौरान ही हमलावरों ने बिट्टी के सीने में चाकू घोंप दिया और भाग निकले। बिट्टी की मौत के बाद बेटे रिंकू ने तीन हमलावरों रबी निषाद उर्फ रबी गुंडा, रिंकू निषाद व गुरु प्रसाद निवासी कपसेठी के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है। 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनो के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा देर शाम दर्ज किया है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश में एएसपी पीयूषकांत राय की अगुवाई में तीन टीमें बनाई गई है। इसमें सीओ सिटी यामीन अहमद, कर्वी कोतवाल दुर्गविजय सिंह, चौकी प्रभारी सीतापुर यदुवीर सिंह शामिल है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सर्बिलांश के जरिए हमलावरों को पुलिस टे्रस करने के प्रयास में जुटी है।

बेटे और हमलावरों में रही है दोस्ती

पुलिस के मुताबिक मृतक बिट्टी निषाद के बेटे विजय उर्फ रिंकू निषाद की हमलावरों से दोस्ती भी रही है। लेकिन मोबाइल फोन चोरी की शंका के चलते रिंकू का हमलावरों से विवाद हो गया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह ने बताया कि हमलावर रबी निषाद उर्फ गुंडा के खिलाफ चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज है। इसी तरह दूसरे हमलावर रिंकू निषाद के खिलाफ एक मुकदमा है। बताया कि हमलावरों की पुरानी पृष्टभूमि को भी देखा जा रहा है। हत्या की असली वजह की को लेकर बारीकी से हर बिंदु पर जांच की जा रही है।