वाराणसी में पीएम मोदी कार्यकाल के 12 साल पूर्ण होने पर काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर मोदी के लिए मांगा गया आशीर्वाद...
वाराणसी ब्यूरो, बुधवार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को ही श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री की तस्वीर और राष्ट्रध्वज लेकर मां गंगा की आरती उतारी। इसके बाद प्रधानमंत्री के लिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आर्शीवाद मांगा।
कार्यक्रम के नेतृत्व कर्ता गंगा सेवक राजेश शुक्ल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज के दिन आजाद भारत के इतिहास में एक निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे लंबे समय तक पीएम पद पर रहने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया। राजेश शुक्ल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून 2026 एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हो गया है। उधर, इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की जिला एवं महानगर इकाई ने भी विविध सेवा, स्वच्छता, धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, प्रमुख मंदिरों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम हुए। जनसेवा के भी कई विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और सेवा संस्थानों में फल, दवा, वस्त्र, साबुन एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित किया गया।