Headlines
Loading...
महाकाल, सूर्या सरकार, आरडीएक्स, मुखिया..., बनारस से सटे जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली में 165 नए गैंग उभरे..DIG वाराणसी...

महाकाल, सूर्या सरकार, आरडीएक्स, मुखिया..., बनारस से सटे जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली में 165 नए गैंग उभरे..DIG वाराणसी...

यूपी में लगातार एनकाउंटर के बाद भी बढ़ते अपराध और सनसनीखेज वारदातों के पीछे नए आपराधिक गैंग के उभरने का मामला सामने आया है। वाराणसी से सटे गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे की हत्या में कटरा गैंग का नाम सामने आया तो आसपास के जिलों में पड़ताल शुरू हुई। पता चला कि गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर में महाकाल, सूर्या सरकार, आरडीएक्स, मुखिया जैसे भौकाली नामों से 165 नए अपराधी गैंग उभर आए हैं। 

इन गैंग और उनके लीडर-सदस्यों को सूचीबद्ध करने के लिए रेंज पुलिस ने एक जून से पांच जून तक 'ऑपरेशन वज्रपात' के नाम से विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 165 गैंग के 1080 सदस्यों की सूची बनी है। उनमें 94 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है जबकि 23 को जेल भेजा गया है।

डीआईजी रेंज वैभवकृष्ण ने गाजीपुर में हत्याकांड के बाद गाजीपुर के साथ चंदौली एवं जौनपुर में भी सक्रिय आपराधिक गिरोहों को सूचीबद्ध करने का आदेश दिया। पांच दिनों के विशेष अभियान के आंकड़े बता रहे हैं कि पूर्वांचल से अपराध की नर्सरी खत्म करने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है। बहरहाल, डीआईजी ने बताया कि गैंगों की विस्तृत सदस्य सूची, मोबाइल नम्बर, सोशल मीडिया आईडी जुटाई गई है। थाना स्तर पर पिछले 05 वर्षों के अभिलेखों के आधार पर गैंगों पर लगे पुराने मुकदमों, उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड तैयार हुआ है।

जौनपुर : चाकू, टीम दादा समेत 56 गैंग

जौनपुर में महाकाल (राजनिवंद), सूर्या सरकार, मनी सरकार 307, टीम दादा, यदुवंशी, चाकू गैंग अमरेथुआ, गैंग आफ पटैला, मेढ़ा, सिकरारा, बदलापुर, सुजानगंज चोर गैंग समेत कुल 56 गैंग सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें गैंग लीडर और सदस्य 423 अपराधी हैं। कुल 10 मुकदमे दर्ज करते हुए आठ की गिरफ्तारी की गई है।

गाजीपुर : मिर्जापुर, पंक्षी, स्वान समेत 45 गैंग

गाजीपुर में शुभम यादव, आरडीएक्स पासवान, हंटर, पैंथर, स्वान, शौकत कुरैसी, विजय सिंह शूटर, राधे-राधे, मुजम्मिल, किंग आफ 9099, कारोबारी, नगसर समेत 45 गैंग चिह्नित हुए हैं। इनमें गैंग लीडर और सदस्य समेत 401 शामिल हैं। कुल 35 मुकदमे दर्ज करते हुए 11 की गिरफ्तारी हुई है।

चंदौली : किशन सरदार, मुखिया समेत 64 गैंग
चंदौली जिले में किशन रंगदार, मुखिया, समरेंद्र माफिया, अहिरान किंग, राजपुताना, ठकुरान, बिक्सर चौहान, शक्तिमान, डी-गैंग, विराट आदि नाम से कुल 64 गैंगों की सूची तैयार की गई है।
 इनमें गैंग लीडर और सदस्य समेत 265 शामिल हैं। कुल 49 मुकदमे दर्ज करते हुए 04 को गिरफ्तार किया गया है।

जाति, क्षेत्र के नाम से भी गैंग बने हैं

जाति, क्षेत्र और मनबढ़ों के नाम से भी गैंग बनाए गए हैं। इनमें जौनपुर में मो. जलाल, दरोगा बिंद, मो. सलीम, लकी पांडेय, यदुवंशी, मेढ़ आदि नाम हैं। गाजीपुर में शौकत कुरैशी, प्रदीप राम, ओम सिंह, खेलू राय जैसे नाम हैं। चंदौली में समरेंद्र माफिया, रामलखन यादव, राकेश पटेल उर्फ काजू, पखंडू पांडेय, न्यू महाल नाम से गैंग सामने आए हैं।

सोशल मीडिया पर भी सक्रियता

डीआईजी रेंज के मुताबिक अभियान में पता चला कि आपराधिक गिरोह फेसबुक लाइव, इंस्टाग्राम रील्स, व्हाट्सएप ग्रुप का उपयोग रंगदारी वसूली, धमकी देने, मनबढ़ई के प्रदर्शन एवं आपराधिक घटनाओं को प्रसारित करने के लिए कर रहे हैं। जौनपुर में आयुष यादव राइडर रुकुपुर, आनंद गुप्ता 325, निशांत तिवारी 302 जबकि गाजीपुर के नोनहरा में 009 यदुवंशी ब्रांड, रेवतीपुर में रेवतीपुर गैंग -1, व्हाट्सऐप पर 2929 गैंग एवं 7074 गैंग आदि के खिलाफ पहले कार्रवाई हुई है।

डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण के अनुसार ऑपरेशन वज्रपात में 165 गैंग के कुल 1080 गैंग लीडर और सदस्य चिह्नित हुए, 94 मुकदमे दर्ज कर 23 को जेल भेजा गया है। इनके सदस्यों पर निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। 

वाराणसी डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि रेंज के तीनों जनपदों के नागरिकों को किसी भी आपराधिक गैंग या मनबढ़ लोगों की सूचना मिलती है तो वे पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नम्बरों, डायल 112 अथवा पुलिस सतर्क मित्र (व्हाट्स बॉट न.-7839860411) पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम-पता गोपनीय रखा जाएगा।