कोलकाता के कॉलेज में मिला 1 करोड़ ₹ कैश, बंदूक और कंडोम ! छात्र संघ कक्ष के अंदर का नजारा देख दंग रह गए अधिकारी...
कोलकाता: कोलकाता के प्रतिष्ठित सुरेंद्रनाथ कॉलेज में हुई एक चौंकाने वाली बरामदगी ने पूरे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में हलचल मचा दी है। कॉलेज के छात्र संघ कक्ष से करीब 1 करोड़ रुपये नकद मिलने के बाद अब कई गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र संघ कक्ष लगभग एक साल बाद खोला गया था। सफाई अभियान के दौरान वहां रखी एक पुरानी लकड़ी की अलमारी में दो बड़े बक्से मिले, जिनमें 100 और 500 रुपये के नोट भरे हुए थे। हैरानी की बात यह रही कि नोटों का बड़ा हिस्सा दीमक से खराब हो चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि पैसा लंबे समय से वहां रखा था।
तलाशी में कई बड़े खुलासे
मामला यहीं नहीं रुका. कॉलेज परिसर की आगे की जांच में दो एसी युक्त कमरे मिले, जिनमें बिस्तर, महंगे गद्दे और अटैच बाथरूम मौजूद थे. इसके अलावा परिसर से शराब की बोतलें, कंडोम के पैकेट और एक रिवॉल्वर भी बरामद हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हथियार को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. इन खुलासों के बाद कॉलेज प्रशासन और छात्र राजनीति को लेकर विवाद गहरा गया है।
छात्र राजनीति पर उठे सवाल
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह पैसा कॉलेज एडमिशन में कथित अनियमितताओं और अवैध वसूली से जुड़ा हो सकता है. उनका दावा है कि छात्रों से दाखिले के नाम पर मोटी रकम ली जाती थी।
वहीं, कॉलेज के कुछ कर्मचारियों ने भी आरोप लगाया कि छात्र संघ का कमरा छात्र हितों की जगह निजी गतिविधियों का केंद्र बन गया था. उन्होंने दावा किया कि कई कर्मचारियों पर दबाव बनाया जाता था और निर्देश न मानने वालों को डराया-धमकाया जाता था।
क्या यह सिर्फ शुरुआत है?
राज्य सरकार द्वारा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र संघ फंड की ऑडिट के आदेश के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. कई सालों से कॉलेज परिसरों में छात्र राजनीति की आड़ में आर्थिक और प्रशासनिक गड़बड़ियों के आरोप लगते रहे हैं।
सुरेंद्रनाथ कॉलेज का मामला अब उसी बहस को फिर से सामने ले आया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद नकदी व अन्य सामान के स्रोत का पता लगाने की कोशिश जारी है।