श्रेयस अय्यर की नई सेना, टीम इंडिया के 3 'ट्रंप कार्ड', डेब्यू करते ही आयरलैंड में भर देंगे खौफ?
India vs Ireland T20I Series: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम इस सप्ताह आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए तैयार है। सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच भी इसी मैदान पर 28 जून को होगा। इस सीरीज में भारतीय टीम नए कप्तान के साथ उतरेगी.वहीं, टीम में कुछ ऐसे भी युवा खिलाड़ी भी हैं जो पहली बार देश के लिए टी20 इंटरनेशनल मैच में उतर सकते हैं।
भारत की कमान मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर संभालेंगे. उन्हें 6 जून 2026 को भारत का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया गया था. वहीं, मेजबान आयरलैंड की टीम का नेतृत्व उनके नए कप्तान लॉर्कन टकर करेंगे. आयरलैंड को चौंकाने के लिए भारत के पास 3 नए 'ट्रंप कार्ड' हैं।
1. वैभव सूर्यवंशी
भारत की इस युवा टीम में 15 वर्षीय बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को शामिल किया गया है. यदि वैभव को इस सीरीज में खेलने का मौका मिलता है, तो वह सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय पुरुष टीम के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने भारत के लिए रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी की थी, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम प्रबंधन उन्हीं पर भरोसा जताता है या वैभव के लिए जगह बनाता है।
2. प्रिंस यादव
तेज गेंदबाज प्रिंस यादव भी इस सीरीज में भारत के लिए टी20आई डेब्यू करने की कतार में हैं. प्रिंस ने जून 2026 में ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और अब उनके टी20 इंटरनेशनल में भी खेलने की पूरी संभावना है. उन्होंने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 14 मैचों में 16 विकेट चटकाए थे, जिसके कारण उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
3. सूर्यांश शेडगे
मुंबई के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस हफ्ते आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू कर सकते हैं. 23 वर्षीय शेडगे को मंगलवार (23 जून) को टीम में शामिल किया गया. उन्होंने हाल ही में श्रीलंका में हुई ट्राई-सीरीज में इंडिया-ए के लिए शानदार ऑलराउंड खेल दिखाया था, जिसमें उन्होंने एक मैच में 72 रनों की जुझारू पारी भी खेली थी. शेडगे को नीतीश कुमार रेड्डी के स्थान पर बुलाया गया है, जो चोट के कारण इस दौरे से बाहर हो गए हैं।