Headlines
Loading...
सुबह सुबह है खुशखबरी !! खत्म हुआ ईरान और अमेरिका युद्ध; होर्मुज 4 दिन में पूरी तरह खुलेगा, अब LPG, पेट्रोल और डीजल के रेट होंगे कम...

सुबह सुबह है खुशखबरी !! खत्म हुआ ईरान और अमेरिका युद्ध; होर्मुज 4 दिन में पूरी तरह खुलेगा, अब LPG, पेट्रोल और डीजल के रेट होंगे कम...

नईदिल्ली ब्यूरो। अमेरिका और ईरान में युद्ध खत्म होने वाला है। मध्यस्थ पाकिस्तान और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा ऐलान कर दिया है। युद्ध समाप्ति पर आधिकारिक साइन 19 जून को होने जा रहा है। इस दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी खुल जाएगा, जो भारत के लिए काफी अहम जलमार्ग है। खास बात है कि फरवरी में शुरू हुए दोनों मुल्कों के बीच संघर्ष के बाद से ही दुनिया की तेल सप्लाई पर खासा असर पड़ा था।

पाकिस्तान ने किया ऐलान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लिखा, 'गहन बातचीत के बाद, हमें यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों देशों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाइयों को तुरंत और हमेशा के लिए रोकने का ऐलान किया है। इस ऐतिहासिक समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर शुक्रवार 19 जून को स्विट्जरलैंड में किए जाएंगे।'

उन्होंने लिखा, 'हम संघर्ष का राजनयिक समाधान खोजने की प्रतिबद्धता के लिए अमेरिका और ईरान को धन्यवाद देते हैं। हम इस मध्यस्थता प्रयास में हमारे सहयोगी कतर के महान नेतृत्व को भी उनके अटूट समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं। इसके साथ ही हम सऊदी अरब और तुर्की के नेतृत्व का भी विशेष आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस समझौते को सफल बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।'शरीफ ने लिखा, 'अब जब यह समझौता हो चुका है, तो मध्यस्थ इस सप्ताह कई बैठकों का आयोजन करेंगे। इन शुरुआती चर्चाओं से तकनीकी बातचीत और आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह की नींव रखी जाएगी, जिससे इस शांति समझौते को पूरी तरह लागू किया जा सके।'

ट्रंप ने बताया होर्मुज भी खुलेगा

ट्रंप ने ऐलान किया, 'यह ऐतिहासिक समझौता पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा लेकर आएगा। मुझसे पहले कई राष्ट्रपतियों ने ईरान के साथ शांति स्थापित करने की कोशिश की, लेकिन वे सभी असफल रहे। इस क्षेत्र के नेताओं को पहली बार एक ऐसा राष्ट्रपति मिला है जो उन्हें वास्तविक शांति हासिल करने में मदद कर सकता है। शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद, बारूदी सुरंगों को हटाने के लिए समुद्री मार्ग खोल दिया जाएगा। इससे इस पूरे क्षेत्र और पूरी दुनिया के लिए तेल का प्रवाह दोनों तरफ से फिर से शुरू हो जाएगा!'

तेहरान में हुई थी बड़ी बैठक

शांति समझौते के और करीब पहुंचने के बीच कतर के मध्यस्थ शर्तों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को तेहरान पहुंचे थे। एपी से बातचीत में तब अधिकारियों ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया था कि अमेरिका और ईरान आखिरकार एक ऐसे समझौते के करीब पहुंच रहे हैं, जिससे उस युद्ध को रोका जा सकेगा, जिसमें हजारों लोग मारे गए हैं और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को फिर से खोला जा सकेगा, जिसके बंद होने से दुनियाभर के बाजार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।