Headlines
Loading...
जौनपुर में रोके जाने पर पल्लवी पटेल ने फिर दिया पुलिस को चकमा, ऑटो से बनारस पहुंचीं, नीट को लेकर बीएचयू गेट पर आज प्रदर्शन...

जौनपुर में रोके जाने पर पल्लवी पटेल ने फिर दिया पुलिस को चकमा, ऑटो से बनारस पहुंचीं, नीट को लेकर बीएचयू गेट पर आज प्रदर्शन...

वाराणसी ब्यूरो। नीट पेपर लीक समेत अन्य मुद्दों को लेकर अपना दल (कमेरावादी) की ओर से सोमवार को बीएचयू गेट के सामने से मार्च के आह्वान को लेकर पुलिस प्रशासन रविवार को अलर्ट पर रहा। लखनऊ से वाराणसी आ रही पार्टी अध्यक्ष एवं सिराथू (प्रयागराज) विधायक पल्लवी पटेल को जौनपुर में हौज टोल प्लाजा के पास पुलिस ने रोक लिया।बातचीत के दौरान पल्लवी पुलिस को चकमा देकर खेतों की ओर पैदल ही निकल गईं। रात के अंधेरे में पंगडंडियों से होते हुए फिर से सड़क पर पहुंचीं और एक ऑटो में बैठकर देर रात करीब 12 बजे ऑटो में सवारियों के साथ बैठकर वाराणसी के बाबतपुर पहुंच गईं। यहां वह एक पार्टी कार्यकर्ता के घर रात्रि विश्राम किया। इससे पहले भी पल्लवी इसी तरह पुलिस को कई बार चकमा देती रही हैं। कभी बाइक से तो कभी पैदल ही निकलकर पुलिस को छका चुकी हैं।

प्रदर्शन के आह्वान पर कमिश्नरेट पुलिस के साथ ही वाराणसी जोन की पुलिस अलर्ट पर रही। प्रदर्शन में पल्लवी पटेल के वाराणसी आने की सूचना पर बार्डर और टोल प्लाजा पर संबंधित जिलों की पुलिस तैनात रही। रात करीब नौ बजे जौनपुर में प्लाजा पर पल्लवी काफिले के साथ पहुंचीं तो जौनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने की कोशिश की। इस बीच वह कार से दो कार्यकर्ताओं के साथ उतरकर खेत की ओर निकल गईं। मोबाइल फोन बंद कर करीब एक किलोीटर तक पैदल चलने के बाद मुख्य मार्ग पर आईं।

एक सवारी भरी ऑटो में वह बैठकर वाराणसी सीमा में प्रवेश कर गईं। इसके बाद मोबाइल फोन ऑन कर अपना लोकेशन पार्टी पदाधिकारियों को भेजीं। पार्टी पदाधिकारी उनको लेने पहुंचे। उनको लेकर बाबतपुर स्थित एक कार्यकर्ता के घर पहुंचीं और रात में रुकी रहीं। पार्टी के प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव ने बताया कि वह तय समय पर कार्यकर्ताओं के साथ बीएचयू स्थित मालवीय चौराहा पर पहुंचेंगी। यहां दोपहर 12 बजे मार्च निकाला जाएगा।

वाराणसी समेत कई जिलों में पदाधिकारी कल रात से ही हाउस अरेस्ट

प्रदर्शन के पहले ही वाराणसी समेत आसपास के जिलों की पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को रविवार शाम से ही हाउस अरेस्ट कर लिया। चांदमारी के मीरापुर बसही में उमेश चंद्र मौर्या के घर पुलिस पहुंची और हाउस अरेस्ट किया। उधर लोहता में जिला पंचायत सदस्य सरिता यादव हाउस अरेस्ट रहीं। जबकि सारनाथ में पार्टी के किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान के घर पुलिस पहुंची, लेकिन वह घर पर नहीं थे। आसपास के जिलों में भी पुलिस ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर ली थी।