Headlines
Loading...
राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड: 5 कर्मचारियों से 2 करोड़ कैश व कार बरामद, चंपत राय के सहयोगी टिन्नू के घर से मिला करोड़ों का सोना...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड: 5 कर्मचारियों से 2 करोड़ कैश व कार बरामद, चंपत राय के सहयोगी टिन्नू के घर से मिला करोड़ों का सोना...

अयोध्या, न्यूज। देश के करोड़ों सनातनियों और रामभक्तों की आस्था के परम केंद्र श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दान पेटिका से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी के मामले में शासन स्तर से बेहद बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश पर गठित 3 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) सोमवार की दोपहर करीब 2:50 बजे सीधे अयोध्या पहुंची। पहले ही दिन जांच टीम करीब 6 घंटे तक मंदिर परिसर में डटी रही। 

सूत्रों के अनुसार, इस महाघोटाले में अब तक कुल 8 करोड़ रुपये से अधिक के हेरफेर के साक्ष्य मिले हैं, जिसके सापेक्ष मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक 2.98 करोड़ रुपये की भारी नकदी और जेवरात की रिकवरी की जा चुकी है। शासन ने एसआईटी को 7 दिन में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिन के भीतर अंतिम जांच रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया है।

लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, आईजी किरन एस. और वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरतन के नेतृत्व वाली उच्च स्तरीय एसआईटी ने अयोध्या पहुंचते ही सीधे राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यालय का रुख किया और वित्तीय रिकॉर्ड, वाउचरों व संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। टीम ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से लंबी वार्ता कर इस प्रकरण की बिंदुवार जानकारी ली। इसके साथ ही, मंदिर की प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था देख रहे ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य गोपाल राव को भी एसआईटी ने तलब किया, जिनसे करीब 2 घंटे तक गहन पूछताछ की गई।

महासचिव के सहयोगी टिन्नू के घर छापेमारी, 50 करोड़ की संपत्ति और सोना बरामद

बताया जाता है कि इस पूरे प्रकरण में ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय के बेहद करीबी सहयोगी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर 13 जून को ट्रस्ट और मंदिर सुरक्षा से जुड़े 6 लोगों की टीम ने छापेमारी की। टिन्नू के पुश्तैनी मकान (जो राम मंदिर से 1.5 किमी दूर स्वर्गद्वार इलाके में है) से भारी मात्रा में सोना बरामद कर टीम अपने साथ ले गई है, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। कभी ऑटो चलाने वाले टिन्नू की अयोध्या और लखनऊ में करीब 50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां सामने आई हैं, जिसमें एयरपोर्ट के पास 70 कमरों का एक हॉस्टल भी शामिल है। वर्तमान में उसे पीसीएफ (PCF) यात्री सुविधा केंद्र में रखकर पूछताछ की जा रही है। इसके अतिरिक्त, दान में चढ़ने वाले सोने-चांदी के जेवरों को संभालने वाले जिम्मेदार कर्मी केडी तिवारी के घर भी छापेमारी हुई है, जिन्होंने हाल ही में 1.5 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी थी।

सूटकेस भरकर ट्रेन से जाना और फ्लाइट से खाली हाथ लौटना: रडार पर सोमेश

जांच एजेंसियों के रडार पर मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव के कथित भतीजे सोमेश आनंद भी आ गए हैं। सोमेश आनंद ने पिछले 1 साल में कर्नाटक समेत कई राज्यों की 50 से ज्यादा संदेहास्पद यात्राएं की हैं। यात्रा का हैरान करने वाला पैटर्न यह रहा कि सोमेश बोरे और भारी लगेज में सामान भरकर अयोध्या से ट्रेन के जरिए जाते थे और वापसी के समय फ्लाइट से बिल्कुल खाली हाथ लौटते थे। सुरक्षा अधिकारी इस रूट और लगेज की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं।

5 मुख्य किरदार हिरासत में, 2 साल पहले गायब हुए मुकुट पदाधिकारी की अलमारी से मिले

राम मंदिर की दान राशि के इस गबन कांड में अब तक मुख्य रूप से 5 किरदारों- लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर के नाम सामने आए हैं, जिन्हें हिरासत में लिया गया है। पुलिस की विशेष विंग ने जब रुदौली के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में कर्मचारी लवकुश के पैतृक आवास पर छापा मारा, तो वहां से 12 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जबकि आरोपी अवनीश के बैंक खाते में 5 लाख रुपये सीधे जमा पाए गए, जिसे सीज कर दिया गया है।

इसी बीच एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि 2 साल पहले सावन के झूला मेले के दौरान भगवान राम और उनके तीनों भाइयों (भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न) के गायब हुए सोने के पौराणिक मुकुट, जिन्हें गाजियाबाद के एक श्रद्धालु ने अपनी मां के जेवर बेचकर भेंट किया था, कई महीनों की तलाश के बाद परिसर में ही ट्रस्ट के एक बड़े पदाधिकारी की अलमारी से बरामद हुए थे।

दिल्ली से आए गुप्तचर IPS से इनपुट लेगी टीम, निर्माण समिति अध्यक्ष का कड़ा रुख

एसआईटी के अधिकारियों ने राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के ग्रिड और कैश काउंटिंग रूम का बारीकी से भौतिक निरीक्षण किया है। टीम के सदस्य उस केंद्रीय आईपीएस (IPS) अधिकारी से भी गहन इनपुट साझा करेंगे, जो कुछ दिनों पहले दिल्ली से विशेष और गुप्त जांच के लिए अयोध्या भेजे गए थे। इधर, राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने दोटूक लहजे में कहा कि अब इस मामले में रत्ती भर भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी। वित्तीय व्यवस्था में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई, दोनों स्तरों पर काम किया जा रही है। मामले पर बजरंग दल के संस्थापक सदस्य विनय कटियार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चढ़ावा चोरी से बहुत बड़ा दर्द हुआ है, चोरों को बिल्कुल माफ नहीं करेंगे, ये सब जेल जाएंगे।