भुवनेश्वर में धूमधाम से मना केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय का 5वां स्थापना दिवस, 29 जून से 6 जुलाई पूरे देश में चलेगा जागरूकता अभियान...
29 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश में चलेगा सहकारिता जागरूकता अभियान, हर ग्राम पंचायत में नई सहकारी समितियों के गठन पर जोर
भुवनेश्वर, न्यूज। ओडिशा सरकार के सहकारिता विभाग के निर्देश पर ओडिशा राज्य सहकारी संघ, भुवनेश्वर द्वारा सोमवार को सहकारी भवन परिसर में भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय का 5वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।इस अवसर पर देशभर में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक चलने वाले विशेष सहकारिता जनजागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाना तथा मंत्रालय की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ ओडिशा के सहकारिता, हथकरघा, वस्त्र एवं हस्तशिल्प मंत्री प्रदीप बलसामंत ने सहकारी भवन परिसर में सहकारिता ध्वज फहराकर किया। इसके बाद आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सहकार से समृद्धि" के विजन से प्रेरित होकर ओडिशा सरकार सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक कृषि ऋण सहकारी समिति, दुग्ध सहकारी समिति अथवा मत्स्य सहकारी समिति स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही वर्तमान प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पीएसीएस) को बहुउद्देशीय पीएसीएस (एम-पीएसीएस) के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि वे विविध व्यवसायिक एवं उत्पादक गतिविधियों का संचालन कर सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ओडिशा सहकारी नीति-2026 को राष्ट्रीय सहकारी नीति-2025 के अनुरूप तैयार किया गया है।
आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर जोर
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि एवं सहकारी समितियों के पंजीयक मनीष अग्रवाल (आईएएस) ने सहकारी संस्थाओं को लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाने के उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं कृषि विपणन निदेशक एवं ओसाम बोर्ड के सदस्य सचिव के सुदर्शन चक्रवर्ती (आईएएस) ने कहा कि सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आधारभूत संरचना का विकास अत्यंत आवश्यक है और पिछले दो वर्षों से विभाग इस दिशा में विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि सप्ताह भर चलने वाले अभियान के दौरान प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को सशक्त बनाने, किसानों का सम्मान करने, वृक्षारोपण के माध्यम से हरित सहकारिता को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, नई सहकारी समितियों के गठन तथा सहकारी संस्थाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
'समवाय समाचार' के विशेषांक का हुआ विमोचन
कार्यक्रम की अध्यक्षता ओडिशा राज्य सहकारी संघ की अध्यक्ष प्रभासिनी षाड़ंगी ने की। उन्होंने आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने के लिए सहकारिता विभाग के मंत्री, विभागीय सचिव एवं सहकारी समितियों के पंजीयक का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने ओडिशा राज्य सहकारी संघ द्वारा प्रकाशित 'समवाय समाचार' के विशेषांक तथा सहकारी परिपत्र पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग की विशेष सचिव उषारानी दास, अतिरिक्त सचिव विष्णुप्रिया साहू, अतिरिक्त सचिव-सह-वित्तीय सलाहकार सुरेंद्र कुमार साहू, अतिरिक्त पंजीयक भक्तबंधु साहू, रोजालिन सेनापति, अतिरिक्त मुख्य अंकेक्षक सुनीता सतपथी, ओडिशा राज्य सहकारी संघ के प्रबंध समिति के सदस्य रंजन कुमार दास, सचिव सुनीता पति, ब्रह्मानंद परिडा (ओएसडी) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, कर्मचारी, सहकारिता विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन ओडिशा राज्य सहकारी संघ की सचिव सुनीता पाती के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।