5 साल की वफादारी, फिर भी कंपनी ने निकाला बाहर! अगले ही दिन मिली दोगुनी सैलरी वाली जॉब और वो भी 'वर्क फ्रॉम होम'...
Employee Salary Hike After Layoff: जब कंपनी पर मुसीबत आती है, तो वह सबसे पहले अपने पुराने और वफादार कर्मचारियों को ही बाहर का रास्ता दिखा देती है. ऐसा ही कुछ हुआ एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल के साथ, जिसे 5 साल की सर्विस के बाद कंपनी ने ले-ऑफ का शिकार बना दिया। लेकिन इस बंदे की किस्मत ऐसी चमकी कि नौकरी जाने के चंद घंटों के अंदर ही उसकी सैलरी 70 हजार से बढ़कर सीधे 1.58 लाख रुपये महीना हो गई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक कर्मचारी ने अपनी आपबीती शेयर की है, जो तेजी से वायरल हो रही है. कर्मचारी ने बताया कि वह एक प्रोडक्ट बेस्ड कंपनी में पिछले साढ़े चार साल से काम कर रहा था. कंपनी उसे हर महीने सिर्फ 70,000 रुपये सैलरी देती थी क्योंकि वहां अप्रेजल बहुत ही खराब मिलता था. इतनी वफादारी दिखाने के बावजूद, कंपनी ने हाल ही में रीस्ट्रक्चरिंग के नाम पर उसे नौकरी से निकाल दिया।
HR से लड़ाई, अचानक चमकी किस्मत
कर्मचारी ने बताया कि जब उसे अचानक नौकरी से निकाला गया, तो वह गहरे सदमे में था. उसका कंपनी के एचआर (HR) के साथ सेवरेंस पे को लेकर काफी झगड़ा भी हुआ. लेकिन जैसे ही वह अपनी नौकरी के आखिरी दिन दफ्तर से निकल रहा था, उसकी किस्मत ने यू-टर्न ले लिया. उसे भारत के बाहर की एक विदेशी कंपनी से जॉब का शानदार ऑफर मिल गया।
घर बैठे डॉलर में होगी बंपर कमाई
इस नए जॉब ऑफर ने कर्मचारी के होश उड़ा दिए. उसने बताया कि अब उसे हर महीने करीब 1.58 लाख रुपये की सैलरी मिलेगी. सबसे मजेदार बात यह है कि यह नौकरी पूरी तरह से वर्क फ्रॉम होम है और उसे क्लाइंट के लिए सीधे काम करना होगा. उसकी सैलरी अमेरिकी डॉलर में आएगी, जिसका मतलब है कि घर बैठे काम करने से उसकी बचत भी अब पहले से बहुत ज्यादा होने वाली है।
खुद की वैल्यू पर होने लगा था शक
इतनी बड़ी हाइक मिलने के बाद भी यह कर्मचारी हैरान-परेशान है. उसने रेडिट पर लिखा कि यह सब इतना अविश्वसनीय लग रहा है कि मुझे इतना पैसा मिलने के ख्याल से ही गिल्ट महसूस हो रहा है. जब आपकी पुरानी कंपनी आपकी वैल्यू नहीं करती, तो आपको लगने लगता है कि आप किसी अच्छी चीज के लायक ही नहीं हैं. यह सब अभी भी मुझे एक खूबसूरत सपने जैसा लग रहा है।
सोशल मीडिया ने कहा- 'वफादारी बेकार है'
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स जमकर कमेंट्स कर रहे हैं. 1000 से ज्यादा लोगों ने इस पर अपने रिएक्शंस दिए हैं. ज्यादातर लोगों का कहना है कि कॉर्पोरेट वर्ल्ड में वफादारी दिखाना बिल्कुल बेकार है. एक यूजर ने सलाह देते हुए लिखा कि हर 2 से ढाई साल में नौकरी बदलते रहना चाहिए, वफादारी को जरूरत से ज्यादा भाव दिया जाता है. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ था, मुझे 50 हजार मिलते थे, नौकरी छोड़ी तो सीधे 1.1 लाख का ऑफर मिला।