चंडीगढ़ मोहाली में फॉर्च्यूनर गाड़ी में पिस्टल और 7 मैगजीन लेकर घूम रहा था; कॉफी पीने गया तो किसी ने कर दी गायब, पुलिस कर रही है जॉच...
मोहाली। फॉर्च्यूनर गाड़ी में लाइसेंसी पिस्टल, सात मैगजीन और नकदी लेकर घूमना एक शख्स को भारी पड़ गया। वह गाड़ी को खड़ी कर कॉफी पीने गया तो कोई सारा सामान उड़ा ले गया। यह घटना सेक्टर-70 स्थित जुली वाॅक के बाहर हुई। मटौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
तरनतारन के गांव नौशहरा पन्नुआ निवासी जरनैल सिंह ने बताया कि वह निजी काम से मोहाली आया था। सेक्टर-70 स्थित जुली वाॅक के नजदीक पेट्रोल पंप के पीछे फॉर्च्यूनर गाड़ी को खड़ा कर मार्केट में चला गया। वह कुछ देर के लिए एक कॉफी शाॅप पर भी रुका।
थोड़ी देर बाद उसे ध्यान आया कि गाड़ी का एक दरवाजा ठीक तरह से बंद नहीं हुआ था। वह तुरंत वापस पार्किंग में पहुंचा तो गाड़ी में रखा उसका बैग गायब था। बैग में लाइसेंसी .30 बोर पिस्टल, सात मैगजीन, 15 हजार रुपये की नकदी और पर्स था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।