देर रात मामूली कहासुनी पर चली गोली; भोजपुर में जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला, छोटी सी विवाद था कारण...
बिहार आरा। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग बीवीजान के हाता स्थित अनुसूचित जाति टोला मोहल्ले में सोमवार की देर रात बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर एक महिला को गोली मार दी गई।गोली महिला के पेट में लगी है। गंभीर हालत में उसे पटना रेफर कर दिया गया। घायल महिला 21 वर्षीय सपना देवी नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग बीवीजान के हाता के समीप स्थित अनुसूचित जाति टोला के धनजी कुमार की पत्नी है।
स्वजन द्वारा उसे इलाज के लिए पहले आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।
बच्चों के बीच हुआ था झगड़ा
सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं पुलिस एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इधर, जख्मी महिला के पति धनजी कुमार ने बताया कि उनके बच्चों का पड़ोसी के बच्चों से झगड़ा हो गया था। सोमवार देर शाम करीब आठ बजे की यह घटना है।
सपना के पेट में लगी है गोली
उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन देर रात उसी मामले की खुन्नस में मुदय यादव ने उनकी पत्नी सपना को गोली मार दी।
पेट में गोली लगने से सपना गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद स्वजन उसे तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां स्थिति देखकर डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज चल रहा है।