टूट गया वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड, राजस्थान रॉयल्स के अमन राव ने रच दिया इतिहास...
देश में इस समय वैभव सूर्यवंशी की गजब की दीवानगी है। इसके पीछे की वजह साफ है कि वैभव ना केवल एंटरटेनिंग बैटिंग करते हैं बल्कि सामने वाली टीम का मनोबल भी तोड़ देते हैं। अक्सर फैंस इस तरह की तूफानी बल्लेबाजी का खूब लुत्फ उठाते हैं। मंगलवार को तेलंगाना टी20 लीग में ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब वारंगल वॉरियर्स और मेडक फालकंस के बीच मुकाबले में अमर राव ने तूफानी शतक जड़ दिया।
अमन ने चौके और छक्कों की ऐसी बारिश की, फैंस को वैभव सूर्यवंशी की याद आ गई। अमन ने वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया जो उन्होंने पिछले सीजन आईपीएल में बनाया था। वैभव ने 35 गेंद में शतक जड़ा था, जबकि अमन ने केवल 32 गेंद में यह कारनामा कर दिया।
भारतीय टी20 लीग का सबसे तेज
अमन राव ने मेडक फालकंस के खिलाफ इस मुकाबले में भारतीय टी20 लीग का सबसे तेज शतक जड़ दिया। उन्होंने केवल 32 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। अमन राव ने 48 गेंद में 12 चौके और 13 छक्के की मदद से 142 रन की पारी खेली। उनकी इस दमदार पारी के दम पर वारंगल वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं अमन
अमन राव राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्हें राजस्थान ने 30 लाख की बेस प्राइस में अपने साथ जोड़ा था। हालांकि, उन्हें अब तक आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। ऐसे में अमन की पारी देखकर फैंस कह रहे हैं कि वैभव सूर्यवंशी का जोड़ीदार मिल गया।
कौन हैं अमन राव पेराला
21 वर्षीय अमन दाएं हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज हैं जिनका जन्म यूएसए के मैडिसन विस्कॉन्सिन में हुआ था। अमन ने ने 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान बंगाल की मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ 154 गेंदों में नाबाद 200 रन बनाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया था। वह लिस्ट ए में दोहरा शतक लगाने वाले हैदराबाद के पहले बल्लेबाज बने थे। अमन ने 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान भी अपनी प्रतिभा लोहा मनवाया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में 24 रन बनाए थे। उन्होंने उस सीजन 160 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 234 रन बनाए और सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।