Headlines
Loading...
काशी में सीएम योगी ने कहा...सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं , समय पर पूरी हों सभी परियोजना, चंदौली कोर्ट के बारे में भी पूछा...

काशी में सीएम योगी ने कहा...सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं , समय पर पूरी हों सभी परियोजना, चंदौली कोर्ट के बारे में भी पूछा...

वाराणसी, 12 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरी होनी चाहिए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री ने 'सर्किट हाउस' सभागार में अधिकारियों और विभागीय अभियंताओं के साथ वाराणसी मंडल में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए और कहा कि बरसात से पहले पूरी होने वाली परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये लागत की 2,630 परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है जिनमें से 687 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं।

इसी प्रकार वाराणसी जिले में 3,223 करोड़ रुपये लागत के 421 कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें 85 कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुके हैं और 158 कार्य 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं।मुख्यमंत्री ने पिछले वित्त वर्ष में पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए गए कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्त वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि कार्ययोजना तैयार करते समय धनराशि की स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया साथ-साथ पूरी की जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक प्रतीक्षा न हो।

योगी ने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त और जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें करें, ताकि सभी परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन सड़कों की मरम्मत प्रस्तावित है, उनका पहले सर्वेक्षण कराया जाए। साथ ही, नगर निगम शहरी क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के साथ शामिल किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही कार्य शुरू किए जाएं, ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी हों और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन एकीकृत अदालत परिसर की प्रगति की भी जानकारी ली। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने वाराणसी में लोक निर्माण विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे 'यूनिटी मॉल' के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा।