वाराणसी एयरपोर्ट से देश के पहले हब एंड स्पोक माडल का हुआ शुभारंभ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने किया उद्घाटन...
वाराणसी, ब्यूरो। देश के पहले ईजी कनेक्ट (हब-एंड-स्पोक) विमानन माडल का शुभारंभ बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बाबतपुर से हुआ। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इसका उद्घाटन किया। एअर इंडिया द्वारा संचालित यह माडल वाराणसी समेत पूर्वांचल और बिहार के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए विदेश यात्रा को अधिक आसान और सुविधाजनक बनाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को दिल्ली जैसे हब एयरपोर्ट पर दोबारा बैगेज चेक-इन, कस्टम और इमिग्रेशन की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। यह सभी औपचारिकताएं वाराणसी एयरपोर्ट पर ही पूरी कर ली जाएंगी और उनका सामान सीधे विदेश में अंतिम गंतव्य तक भेज दिया जाएगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सहज होगी।
एअर इंडिया के इस नेक्स्ट जेनरेशन कनेक्टिविटी माडल में वाराणसी को प्राइमरी स्पोकऔर दिल्ली को हब एयरपोर्ट बनाया गया है। अभी तक कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन, कस्टम और सामान हस्तांतरण जैसी प्रक्रियाओं के लिए पर्याप्त समय का अंतर रखना पड़ता था। नई व्यवस्था से यह परेशानी दूर होगी और कम समय में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पकड़ना संभव हो सकेगा।
लंदन के अलावा यह माडल फ्रैंकफर्ट, मिलान, रोम, ज्यूरिख, सिंगापुर, बैंकाक, दुबई और रियाद समेत 17 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर इन गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग उड़ानें मिल सकेंगी।
इस व्यवस्था के सफल संचालन के लिए ब्रिटिश दूतावास की टीम ने बाबतपुर एयरपोर्ट के कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण भी दिया है। एअर इंडिया ने इस मॉडल के तहत संचालित होने वाली उड़ानों को एआइ-1111 सीरीज की विशेष पहचान दी है।