Headlines
Loading...
वाराणसी में चार स्टेशनों पर छूटे बैग और सामान आरपीएफ पुलिस द्वारा सुरक्षित लौटाए गए, वहीं यात्रियों ने जताया आभार...

वाराणसी में चार स्टेशनों पर छूटे बैग और सामान आरपीएफ पुलिस द्वारा सुरक्षित लौटाए गए, वहीं यात्रियों ने जताया आभार...

वाराणसी, ब्यूरो। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा (आरपीएफ) रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम, यात्रियों की सुरक्षा एवं मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। आरपीएफ ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों का ट्रेन में छूटा सामान बरामद कर सुरक्षित उन्हें वापस सौंपा। डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि यात्रियों से लगातार फीड बैक ली जा रही है।

मऊ स्टेशन पर आरपीएफ ने गाड़ी संख्या 15021 के एसी कोच से एक ट्रॉली बैग बरामद किया। जांच के बाद बैग को उसके मालिक गाजीपुर निवासी घनश्याम वर्मा को सौंप दिया गया। बैग में साड़ियां, कॉस्मेटिक सामग्री समेत लगभग आठ हजार रुपये का सामान था।

सलेमपुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर छूटा एक हैंडबैग बरामद किया गया। सत्यापन के बाद यात्री के प्रतिनिधि को लगभग तीन हजार रुपये मूल्य का बैग और उसमें रखा सामान सुपुर्द किया गया।

सिसवा बाजार स्टेशन पर एक महिला यात्री का हैंडबैग सुरक्षित बरामद हुआ। रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दर्ज शिकायत के आधार पर महिला को सूचना दी गई। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद करीब 12 हजार रुपये मूल्य का बैग एवं उसमें रखा रेडमी मोबाइल सहित अन्य सामान उन्हें वापस सौंप दिया गया।

इसी प्रकार छपरा जंक्शन पर सूरत से जौनपुर यात्रा के दौरान ट्रेन में छूटा बैग भी आरपीएफ ने सुरक्षित बरामद कर उसके स्वामी सैफ अली को लौटा दिया। बैग में कपड़े, ड्राई फ्रूट सहित लगभग आठ हजार रुपये का सामान था।अपना खोया सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सभी यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।