वाराणसी में आज डीजे की कुर्सी पर बैठी महिला, बोली- गवाह और सूबत पेश करो, मैं हूं आज की जिला जज.. कचहरी में मचा हंगामा...
उत्तर प्रदेश के वाराणसी की कचहरी में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला जिला जज की कुर्सी पर बैठ गई और मुकदमों की फाइलें उठाकर सुनवाई करने लगी। उसने कई बार हैमर पटकते हुए अधिवक्ताओं से गवाह और सबूत पेश करने कहा। इससे वहां मौजूद अधिवक्ता भौंचक रह गए। सूचना पर कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद महिला को कुसी से नीचे उतारा। इस दौरान महिला ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की।
जिला जज शुक्रवार को अवकाश पर थे। सुबह लगभग 10 बजे शिवपुर की वंदना गुप्ता (50 वर्ष) अदालत में घुस गई और उनकी कुर्सी पर बैठ कर हैमर पटकने लगी। उसने वहां मौजूद वकीलों से कहा कि आज जिला जज मैं हूं, मुकदमों की सुनवाई शुरू की जाए। आप लोग गवाह और सबूत पेश करिए। फिर मुकदमों की फाइलें देखने गली। इससे वहां हड़कंप मच गया। वकीलों ने सुरक्षा कर्मचारियों को आवाज लगाई लेकिन वे गायब थे। वकीलों ने कैंट पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने महिला को कुर्सी से उतरने के बोला तो वह हंगामा करने लगी। काफी प्रयास के बाद उसे कोर्ट से बाहर निकाला गया।
कई बार कर चुकी है हरकत
पुलिस ने बताया कि महिला इसके पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुकी है। उसका कोर्ट में कोई मुकदमा भी नहीं चल रहा है। चर्चा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस सख्ती से उससे और उसके परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।
अपर जिला जज ने तलब की रिपोर्ट
जिला जज की कुर्सी पर महिला के बैठने की जानकारी मिलने पर अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाने के साथ सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है।
कोर्ट की सुरक्षा पर सवाल
महिला के हंगामे के बाद जिला जज अदालत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिवक्ताओं में चर्चा सुनी गई कि यदि सुरक्षा कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर होते तो ऐसी घटना नहीं होती। यह भी चर्चा थी कि महिला जब कई बार ऐसी हरकत कर चुकी है तो उस पर रोक क्यों नहीं लगाई गई?