Headlines
Loading...
वाराणसी की पहली गेटेड सिटी के रूप में सामने आई वीडीए की 'आनंद काशी सिटी', जल्द शुरू होगा पंजीकरण...

वाराणसी की पहली गेटेड सिटी के रूप में सामने आई वीडीए की 'आनंद काशी सिटी', जल्द शुरू होगा पंजीकरण...

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना 'आनंद काशी सिटी' को लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में इसे वाराणसी की पहली गेटेड सिटी के रूप में प्रस्तुत करते हुए बताया गया है कि एक परिकल्पना साकार रूप ले रही है।

इसके साथ ही परियोजना को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की गई टाउनशिप तथा वाराणसी की अगली पहचान के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। वीडियो में वीडीए टाउनशिप जल्द आ रही है और पंजीकरण शीघ्र प्रारंभ होगा जैसे संदेश भी प्रसारित किए गए हैं, जिससे संभावित खरीदारों और निवेशकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

माना जा रहा है कि परियोजना में आधुनिक शहरी सुविधाएं, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र और सुनियोजित आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि अभी तक परियोजना के भूखंडों की संख्या, दरों, आवंटन प्रक्रिया और अन्य तकनीकी पहलुओं को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

इसके बावजूद वीडीए के प्रचार अभियान ने रियल एस्टेट बाजार में हलचल बढ़ा दी है। शहर के रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि वाराणसी के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार के बीच यदि यह परियोजना घोषित सुविधाओं और मानकों के अनुरूप विकसित होती है तो यह आवासीय क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।