सिरसा में रेणु भाटिया के इस्तीफे के बाद नर्सिंग ऑफिसर्स ने वापस ली हड़ताल, पर 'सार्वजनिक माफी' की मांग पर अड़े...
सिरसा, न्यूज। जिला नागरिक अस्पताल में नर्सिंग आफिसर्स की गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान राजकुमार भारद्वाज ने की। नर्सिंग आफिसर के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने वाली महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया द्वारा इस्तीफा दिए जाने पर नर्सिंग स्टाफ ने हड़ताल वापस ले ली।
राजकुमार भारद्वाज ने कहा कि रेणु भाटिया ने अभद्र टिप्पणी कर नर्सिंग अमले की छवि को सार्वजनिक रूप से धूमिल किया है, इसलिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ की वास्तविक ड्यूटी वार्ड में मरीजों की देखभाल की होती है।
डाक्टर के साथ हर समय रहना नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी नहीं है। बिना तथ्य और प्रमाण के नर्सिंग स्टाफ को कटघरे में खड़ा करना गलत है। भारद्वाज ने कहा कि जिसने मासूम बच्ची के साथ जघन्य काम किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस घटना से न केवल हम बल्कि हमारा समाज भी पूरा आहत है और पीड़िता को त्वरित न्याय मिलना चाहिए।
अगर रेणु भाटिया ने सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगी तो हमें मजबूरन कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। इस मौके पर अमित जिला महासचिव, मुकेश, गायत्री देवी मैट्रन, सीनियर नर्सिंग आफिसर, अनिता, मीना, रानी, पूजा, नरेश, शशि, गीता, सीमा, नर्सिंग आफिसर हरजित, उर्मिल उपस्थित थे।