वाराणसी चोलापुर थाना अन्तर्गत दानगंज बाजार में फर्जी क्लीनिक पर प्रशासन की हुई कार्रवाई, संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज...
वाराणसी। चोलापुर थाना अन्तर्गत दानगंज बाजार में संचालित एक कथित फर्जी चिकित्सालय (क्लीनिक) के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया है। उप जिलाधिकारी (सदर) नितिन सिंह की जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद क्लीनिक को सील किए जाने के पश्चात अब संबंधित संचालक के खिलाफ चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोलापुर के दानगंज बाजार स्थित गौतम बाल इलेक्ट्रो होम्योपैथिक चिकित्सालय का 17 अप्रैल 2026 को उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत चिकित्सालय को मौके पर ही सील कर दिया गया तथा चिकित्सक के प्रमाण-पत्र सहित अन्य अभिलेखों को जब्त कर लिया गया। बताया जाता है कि मामले की जांच के उपरांत उप जिलाधिकारी (सदर) नितिन सिंह एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार वाराणसी ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की संस्तुति की थी।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर के अधीक्षक आर.बी. यादव ने संचालक विजय कुमार गौतम के विरुद्ध चोलापुर थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर चोलापुर थाने में संबंधित चिकित्सक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और जब्त अभिलेखों की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, कार्रवाई की सूचना फैलते ही क्षेत्र के अन्य बिना मान्यता अथवा संदिग्ध रूप से संचालित चिकित्सालयों में भी हलचल देखी जा रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक आर.बी. यादव ने बताया कि बिना वैध अनुमति अथवा नियमों के विपरीत संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।