'चोरी नहीं रोक सके, हिंदू को दर्शन करने से रोक रहे हैं', राम मंदिर जाने से पहले हाउस अरेस्ट किए जाने पर बोले कांग्रेस नेता...
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से विपक्षी दल लगातार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमलावर है। इसी क्रम में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या जा रहा था, लेकिन इसमें मौजूद सांसद, विधायक, विधान परिषद के पूर्व सदस्यों आदि को पुलिस ने नजरबंद कर लिया। इसको लेकर अब कांग्रेस फिर सरकार पर हमला बोल रही है।
यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने जानकारी दी कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस के कुछ नेता अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना चाहते थे. वे चढ़ावा चोरी, चंदा चोरी और जमीन घोटाला कर भगवान राम के पवित्र स्थान को बदनाम करने वालों को सामने लाने के लिए भगवान से प्रार्थना करना चाहते थे।
'कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, केवल दर्शन करने जा रहे थे कांग्रेस नेता'
अजय राय ने कहा कि उन्हें और उनके साथियों को एक होटल में रात से ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया था. वे एक दिन पहले ही आ गए थे क्योंकि उन्हें अंदाजा था कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है और वो कांग्रेस नेताओं को रोकेगी जरूर. सोमवार 11.30 बजे उन्हें जबरदस्ती गिरफ्तार कर के आचार्य नरेंद्रदेव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में लाकर रखा गया है और कांग्रेस के नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है. दर्शन करने से भी रोका जा रहा है. कांग्रेस नेताओं की बस यह मांग है कि वे भगवान श्रीराम के दर्शन करना चाहते हैं।
अजय राय ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, "जमीन घोटाला करने वाले आरएसएस-बीजेपी के लोग हैं. भगवान राम उन्हें सद्बुद्धि दें. इन्होंने 'जय श्रीराम' के नारे लगाकर भगवान राम को पूरे देश में बेचा. आज भगवान का ही चढ़ावा खा जा रहे हैं. इसमें नृपेंद्र मिश्रा, चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोविंद गिरी जैसे लोग हैं." अजय राय ने यह भी दावा किया कि वे किसी राजनीतिक कारण से अयोध्या नहीं गए. वे वाराणसी से आते हैं, महादेव के भक्त हैं. बनारस में भी वे हर हर महादेव के नारे लगाते हैं. ऐसे ही वे अयोध्या में भी श्रीराम के दर्शन करने आए हैं. यहां जबरदस्ती रोका जा रहा है।
'चोरी नहीं रोकी, हिंदू को दर्शन करने से रोक रहे'- किशोरी लाल
वहीं. कांग्रेस सांसद किशोरी लाल ने कहा, "हम लोग यहां दर्शन करने आए थे, लेकिन ये लोग करने नहीं दे रहे. ये चंदा चोरी को तो रोक नहीं पाए लेकिन हिंदू को दर्शन करने से रोक रहे हैं. यह कौन से धर्म की परंपरा है कि प्रभु श्रीराम के दर्शन करने से हमें रोका जाए।"
बीजेपी नेता कांग्रेस पर हमलावर
बीजेपी सांसद भोला सिंह ने राम मंदिर मामले में कांग्रेस नेताओं को नज़रबंद किए जाने पर कहा, "जबसे मंदिर बना है तबसे ये नेता वहां नहीं गए. अब ये राजनीति के लिए अयोध्या जाना चाहते. इनको रामलला के दर्शन से कोई मतलब नहीं है।"